News By – नीरज बरमेचा
- खेल चेतना मेला रतलाम की बड़ी धरोहर – डॉ. लीला जोशी
- पद्मश्री डॉ. जोशी से सम्मानित खिलाड़ी बनेंगे रतलाम का भविष्य – काश्यप
- 22 वें खेल चेतना मेले का पुरस्कार वितरण एवं अभिनंदन समारोह संपन्न
चेतन्य काश्यप फाउण्डेशन एवं क्रीड़ा भारती द्वारा आयोजित 22वें खेल चेतना मेला का पुरस्कार वितरण एवं अभिनंनदन समारोह पद्मश्री से सम्मानित होने वाली डॉ. लीला जोशी के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ। इसमें डॉ. जोशी का अभिनन्दन किया गया। डॉ. जोशी ने समारोह में कहा कि वर्तमान समय में जब खेल मैदान सिकुड़ते जा रहे है, तब खेल चेतना मेला जैसे आयोजन रतलाम के लिए बड़ी धरोहर है। फाउण्डेशन अध्यक्ष, विधायक एवं क्रीड़ा भारती के राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष चेतन्य काश्यप ने कहा कि खेल हार कर जीतने का संस्कार देते है। इसीलिए 22वर्षों से खेलों के माध्यम से स्वस्थ समाज की कल्पना एवं खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए खेल चेतना मेला आयोजित किया जा रहा है। डॉ. जोशी द्वारा आज जो खिलाड़ी सम्मानित हो रहे है, वे रतलाम के भविष्य बनेंगे।
पुरस्कार वितरण एवं अभिनन्दन समारोह में ग्रामीण विधायक दिलीप मकवाना, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेन्द्रसिंह लुनेरा, क्रीड़ा भारती के जिलाध्यक्ष डॉ. गोपाल मजावदिया एवं खेल चेतना मेला आयोजन समिति सचिव मुकेश जैन मंचासीन रहे। समारोह में पद्मश्री पुरस्कार के लिए चयनित डॉ. लीला जोशी का शॉल श्रीफल एवं सम्मान पत्र भेंटकर अभिनन्दन किया गया। अभिनन्दन पत्र का वाचन आयोजन समिति सचिव जैन ने किया। आरंभ में क्रीड़ा भारती के जिलाध्यक्ष डॉ. मजावदिया ने स्वागत भाषण दिया।
इस मौके पर खेल चेतना मेला के आयोजन में शामिल 17 खेलों के संयोजकों को स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए साईश्री इन्टरनेशनल एकेडमी को श्रेष्ठ विद्यालय, मार्च पास्ट में मॉर्निंग स्टार (सीबीएसई) स्कूल को प्रथम एवं जैन विद्या निकेतन को द्वितीय पुरस्कार, बैण्ड प्रदर्शन में सरस्वती शिशु विद्या मंदिर काटजू नगर को प्रथम, जैन बालक उमावि. को द्वितीय एवं ज्योति कॉन्वेन्ट स्कूल को तृतीय पुरस्कार दिया गया। स्काउट गाइड का विशेष पुरस्कार गणेश शर्मा ने प्राप्त किया। समारोह में खेल चेतना मेला की विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता एवं उपविजेताओं को पुरस्कृत किया गया। संचालन अब्दुल सलाम खोकर ने किया।
खेल चेतना मेला की सफलता में सहयोगियों की अहम भूमिका
समारोह मेें फाउण्डेशन अध्यक्ष, विधायक एवं क्रीड़ा भारती के राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष काश्यप ने 22 वर्षों से आयोजित हो रहे खेल चेतना मेला की सफलता में सहयोगियों की भूमिका को अहम बताया। उन्होंने कहा कि खेल चेतना मेला को आज राष्ट्रीय स्तर पर स्वरूप मिला है और देश के कई हिस्सों में अलग-अलग रूप में ऐसे आयोजन हो रहे है। रतलाम में खेल चेतना मेला के माध्यम से यह प्रयास किया जा रहा है कि खेलों के माध्यम से राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर शहर का नाम हो। हर नागरिक को श्रेष्ठ बनाने के लिए जिस प्रकार शिक्षा की आवश्यकता है, वैसे ही खेल भी जरूरी है। काश्यप ने फाउण्डेशन द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा के 12 फरवरी को नई दिल्ली में होने वाले पुरस्कार वितरण समारोह पर भी प्रकाश डाला। इस समारोह में केन्द्रीय खेल मंत्री किरण रिजीजु मुख्य अतिथि रहेंगे।
पुरस्कार वितरण एवं अभिनन्दन समारोह की मुख्य अतिथि डॉ. जोशी ने खेल चेतना मेला में शामिल खिलाडि़यों को सम्बोधित करते हुए कहा कि जीवन में खेल का महत्वपूर्ण योगदान होता है। खेल के मैदान हमें खिलाड़ी ही नहीं अपितु अनुशासित नागरिक देते है। बच्बचो को एक लक्ष्य निर्धारित कर उसी प्रकार आगे बढ़ना होगा, जिस प्रकार अर्जुन ने लक्ष्य देखकर उसे साधा था। डॉ. जोशी ने कहा कि खेल में हार-जीत होती रहती है, लेकिन खिलाड़ी रूकते नहीं है, उसी प्रकार जीवन में सफलता-असफलता से विचलित हुए बिना आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने बच्चों को शुभकामनाएं दी कि वे रतलाम का नाम खुब रोशन करें।
ग्रामीण विधायक मकवाना ने समारोह में कहा कि खेल चेतना मेला के माध्यम से खिलाडि़यों को एक नया प्लेटफॉर्म मिला है। इससे वे प्रतिभाओं को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर ले जा सकते है। रतलाम के लिए यह मेला गौरव की बात है। विधायक चेतन्य काश्यप का सदैव प्रयास रहता है, कि रतलाम का नाम रोशन हो। उनका यह कार्य राजनीति को साध्य के रूप में नहीं, अपितु सेवा के मार्ग के रूप में प्रदर्शित करने वाला है। भाजपा जिलाध्यक्ष लुनेरा ने कहा कि हर व्यक्ति के जीवन में पढ़ाई के साथ खेल भी जरूरी है, इनसे शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है। 22 वर्षों तक खेल चेतना मेला का आयोजन होना रतलाम ही नहीं पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है।
