बढ़ता संक्रमण – स्वस्थ होते मरीज! कोरोना से जंग जारी है….

0

News By – विवेक चौधरी 

रतलाम, 16 जुलाई 2020। रतलाम जिले में कोरोना का संक्रमण दिनप्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। जुलाई माह के पहले पखवाड़े में ही कुल पॉजिटिव का आँकड़ा 158 से बढ़कर 242 पर पहुँच गया है। अर्थात 15 दिन में 84 नए कोरोना पॉजिटिव। औसत 6 व्यक्ति प्रतिदिन से कुछ कम (5.6)। साथ ही इस वायरस संक्रमण ने जिले के विभिन्न स्थानों तक अपने पैर पसारे है। जो एक चिंताजनक संकेत है। हालांकि राहत की बात यह है कि आज भी 10 कोरोना मरीज स्वस्थ होकर अपने घर गए है। इन 10 मरीजों को मिलाकर अबतक 197 मरीज स्वस्थ हो चुके है। अब 39 मरीज ही उपचाररत है। जबकि अभी तक 6 पॉजिटिव मरीजों की मृत्यु हुई है। हालांकि जुलाई माह में किसी की मृत्यु नहीं हुई है।

रतलाम मेडिकल कॉलेज के कोविड- हॉस्पिटल से आज गुरुवार को 10 पेशेंट स्वस्थ होकर अपने घर के लिए रवाना हुए। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर मनीषा वास्कले, मेडिकल कॉलेज के डीन डॉक्टर संजय दीक्षित तथा हॉस्पिटल स्टाफ द्वारा करतल ध्वनि से स्वस्थ मरीजों का अभिनंदन किया।

आज स्वस्थ होकर हॉस्पिटल से बाहर निकले पेशेंट में अर्जुन नगर रतलाम की 35 वर्षीय महिला, ग्राम धामेड़ी की 37 वर्षीय महिला, अरिहंत परिसर रतलाम का 38 वर्षीय पुरुष, 16 वर्षीय युवती, 36 वर्षीय महिला, 9 वर्षीय बालक, रावटी का 35 वर्षीय पुरुष, बग्गी खाना रतलाम की 30 वर्षीय महिला, मोहन नगर की 35 वर्षीय महिला तथा दीनदयाल नगर रतलाम का 33 वर्षीय पुरुष शामिल थे। ये सभी पेशेंट विगत 7 जुलाई को हॉस्पिटल में एडमिट किए गए थे।