अल्कोहल प्लांट की मूल भूमि भी उद्योग के लिए उपलब्ध कराएं : विधायक काश्यप

0

News by- नीरज बरमेचा 

रतलाम, 4 दिसम्बर। औद्योगिक क्षेत्र स्थित अल्कोहल प्लांट में लगून की भूमि पर विकसित किए जा रहे नए लघु उद्योग क्षेत्र के साथ अल्कोहल प्लांट की मूल भूमि भी उद्योग के लिए जल्द से जल्द उपलब्ध कराएं। प्लांट की मशीनरी व अन्य सामग्री का विक्रय कर उसका निराकरण किया जाए, ताकि नए उद्योगों को अवसर मिल सके। यह निर्देश विधायक चेतन्य काश्यप ने उद्योग विभाग को दिए हैं।

जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक मुकेश शर्मा ने काश्यप से मुलाकात कर उन्हें अल्कोहल प्लांट की भूमि पर नए औद्योगिक क्षेत्र के संबंध में विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। काश्यप ने कहा कि अल्कोहल प्लांट की भूमि भी लंबे समय से उपयोग में नहीं आ रही है इसलिए प्लांट का परिसर भी जल्द से जल्द खाली कर मशीनरी को विक्रय किया जाए तथा रिक्त भूमि नए उद्योगों के लिए उपलब्ध कराई जाए।

काश्यप ने औद्योगिक क्षेत्र में सी सेक्टर के बाद उपलब्ध अन्य अतिशेष भूमि को भी उद्योगों के लिए उपयोग में लाने की योजना बनाने के निर्देश दिए। इस दौरान उद्योग प्रबंधक महेन्द्र नागराज भी उपस्थित थे।