News By – विवेक चौधरी
रतलाम। अपना शहर मात्र सेव, सोना, साड़ी और सट्टा के लिए ही प्रसिध्द नहीं है, यहाँ का संपत्तियों (प्रोपर्टी) व्यवसाय भी अक्सर सुर्खियों में बना रहता है। कोविड-19 के प्रकोप के बाद जहाँ अनेक सामान्य व्यवसाय आर्थिक मंदी के शिकार हुए है, उसके उलट रतलाम में प्रॉपर्टी व्यवसाय में तेज़ी देखी गई है। संपत्तियों के इस खरीद फरोख्त में आम नागरिक से लेकर बड़े व्यवसायी सम्मिलित रहते है। इससे शासन को राजस्व की भी आय होती है। इसके चलते शासन के स्तर पर मार्च के महीने में अवकाश के दिनों में रजिस्ट्री करवाने की व्यवस्था बनवाई गई है। 1 अप्रैल से संशोधित दरों पर रजिस्ट्री होने से इसकी लागत व्यय बढ़ने की आशंका है अतः बचत की दृष्टि से 1 अप्रैल के पहले रजिस्ट्री करवाने वालों के लिए यह लाभदायक होगा।
इस आश्य के निर्देश महानिरीक्षक पंजीयन द्वारा जारी कर दिये गये है। निर्देश के अनुसार जन-सामान्य को दस्तावेजों के पंजीयन कार्य में सुविधा देने के लिये माह मार्च 2021 के समस्त अवकाश दिवसों में समस्त जिला पंजीयक एवं उप पंजीयक कार्यालय पंजीयन एवं शासकीय कार्य के लिये खुले रहेंगे। गृह विभाग द्वारा कोरोना वायरस संक्रमण के रोकथाम एवं बचाव के लिये जारी दिशा-निर्देशों अनुसार जिलों में लॉकडाउन के दौरान 28 मार्च रविवार के दिन भी पंजीयन एवं उप पंजीयक कार्यालय खुले रहेगें। इनमें कार्य करने वाले कर्मचारियों एवं सेवा प्राप्त करने वाले नागरिकों के आवागमन को प्रतिबंधित नहीं किया जावेगा। पक्षकार सुविधा अनुसार रविवार 28 मार्च को भी अचल संपत्ति का पंजीयन करवा सकेंगे। जन-सुविधा और शासन के राजस्व के दृष्टिगत प्रदेश के सभी उप पंजीयक कार्यालय 26 मार्च से 31 मार्च 2021 की अवधि में प्रात: 8.30 बजे से खुले रहेंगे।




