पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने रतलाम में भाजपा सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा, निकाली रैली और ली आमसभा…

0

News by – विवेक चौधरी

रतलाम (शुक्रवार) काँग्रेस के दिग्गज नेता और मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने 2023 के विधानसभा चुनाव के तैयारियों के मद्देनजर रतलाम में रैली निकालकर आमसभा की। स्थानीय अम्बेडकर भवन ग्राउंड पर हुई सभा मे जिले एवं आसपास से आए काँग्रेस समर्थकों को कमलनाथ सहित अन्य कांग्रेसी नेताओं ने संबोधित किया। आमसभा में ग्रामीण क्षेत्र की भीड़ अधिक दिखी। यद्यपि सत्ता से वंचित एवं संघर्षरत काँग्रेस के लिए यह सभा कुछ जान फूंकने जैसा काम करेगी। आमसभा में ग्रामीणों की भीड़ अधिक दिखी एवं भाजपा की तुलना में यहाँ मंचीय अनुशासन की कमी दिखी। स्वागत के लिए बहस और धक्कामुक्की जैसा अप्रिय स्थिति भी निर्मित हो गई। दरअसल कांग्रेस ग्रामीण के नेता और जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष डीपी धाकड़ सभा स्थल पर अपने समर्थकों के साथ कमलनाथ को पहनाने के लिए लहसुन की माला लेकर आए थे। समर्थकों के साथ मंच पर चढ़ते समय कथित रूप से सैलाना के कुछ नेताओं ने धाकड़ को रोक दिया। जिससे कार्यकर्ताओं के बीच इस बात को लेकर धक्कामुक्की तक हो गई। और धाकड़ अपने समर्थकों के साथ वहीं जमीन पर बैठ गए। जिसे एक विरोध के रूप में देखा गया लेकिन धाकड़ ने थकान का हवाला देकर विरोध की बात को खारिज किया। डीपी धाकड़ इस समय 7 दिवसीय साँवरिया जी की पदयात्रा पर है। और कमलनाथ के कार्यक्रम की वजह से बीच यात्रा में वाहन आए रतलाम आए थे। इस सभा मे सर्वाधिक समर्थक सैलाना विधायक हर्षविजय गेहलोत के नज़र आए और वो स्वयं कमलनाथ के साथ बने रहें।

अपने संबोधन में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भाजपा के खिलाफ अपना मोर्चा खोला और आरोप लगाते हुए कहा कि 40 साल पहले हम दिल्ली-मुबंई किसी बड़े शहर जाने की बात करते थे, सबसे पहले रतलाम स्टेशन की बात होती थी। लेकिन, आज इस रतलाम को देख कर दुख होता है। यहां अब तारों में बिजली नही, स्कूल में शिक्षक नहीं, अस्पताल में महिला डॉक्टर नहीं। उन्होंने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा के पास आज पैसा है, प्रशासन है, एजेंसी हैं, लेकिन जनता नहीं है, जबकि रतलाम की संस्कृति सर्वधर्म समभाव और मिलनसारिता की है। किसानों की बात कहते हुए कमलनाथ ने कहा कि बाजार तभी चल सकता है जब किसानों की जेब मे पैसा हो।आज युवा रोजगार के लिए भटक रहे है और प्रदेश में माफिया तथा भ्रष्टाचारियों का बोलबाला है। जनता मंहगाई से परेशान है। भाजपा को मुद्दों से भटकाने में महारत है  और वो चुनाव के समय जनता का ध्यान मुद्दों से भटकाकर सत्ता हथिया लेती है। हमारा प्रयास रहेगा कि हम प्रदेश में अधिकाधिक निवेश लाएंगे और रोजगार का सृजन करेंगे।

आमसभा को सैलाना विधायक हर्ष विजय गेहलोत, आलोट विधायक मनोज चावला, झाबुआ विधायक कांतिलाल भूरिया, प्रदेश युवक कांग्रेस अध्यक्ष विक्रांत भूरिया, नागदा विधायक दिलीप गुर्जर, पेटलावद विधायक वालसिंह भूरिया आदि ने भी संबोधित किया। कमलनाथ के रतलाम प्रवास के पूर्व शहर में बड़ी संख्या में होर्डिंग लगा दिए गए थे। ग्रामीण क्षेत्र से आए वाहनों से पोलोग्राउंड क्षेत्र को भर दिया था।