News By – नीरज बरमेचा
रतलाम 20 जुलाई 2022। नगर निगम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित महापौर प्रहलाद पटेल एवं सभी नवनिर्वाचित पार्षदगण 21 जुलाई को विशाल आभार रैली के माध्यम से मतदाताओं को धन्यवाद ज्ञापित करेंगे। आभार रैली में नवनिर्वाचित महापौर पटेल के साथ विधायक चेतन्य काश्यप, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेन्द्रसिंह लुनेरा, चुनाव संयोजक मनोहर पोरवाल एवं जिला पदाधिकारी भी शामिल होंगे।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अरूण त्रिपाठी ने बताया कि आभार रैली सुबह 11 बजे अलकापुरी चौराहा से प्रारंभ होगी। इसके बाद श्रीराम मंदिर चौराहा, सैलाना बस स्टैण्ड, शहीद चौक, धानमण्डी, गणेश देवरी, बजाज खाना, तोपखाना, चांदनीचौक, चौमुखीपुल, घास बाजार, माणकचौक, डालू मोदी बाजार चौराहा होते हुए नाहरपुरा पहुंचकर समाप्त होगी। रैली में भारतीय जनता पार्टी के समस्त जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, ज्येष्ठ एवं श्रेष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ आमजन शामिल होंगे।

निर्वाचित होते ही श्री मेहंदीकुई बालाजी मंदिर पहुंचे महापौर
नगर निगम चुनाव में जीत दर्ज कर नवनिर्वाचित महापौर प्रहलाद पटेल समर्थकों के साथ मतगणना स्थल शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय से सर्वप्रथम मेहंदी कुई बालाजी मंदिर पहुंचे। उन्होंने भगवान के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद वे विधायक चेतन्य काश्यप के जनसंपर्क कार्यालय पहुंचे और काश्यप का आशीर्वाद प्राप्त कर आभार जताया। विधायक काश्यप ने नवनिर्वाचित महापौर का स्वागत कर उन्हें बधाई दी।
भाजपा कार्यालय में पितृपुरूषों के चित्र पर माल्यार्पण
नवनिर्वाचित महापौर प्रहलाद पटेल ने शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय पहुंचकर जिला निर्वाचन अधिकारी नरेन्द्रकुमार सूर्यवंशी से विधायक चेतन्य काश्यप एवं जिलाध्यक्ष राजेन्द्रसिंह लुनेरा की उपस्थिति में निर्वाचन प्रमाण-पत्र प्राप्त किया। इसके बाद वे पैलेस रोड स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने पार्टी के पितृ पुरूष डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय एवं भगवान के चित्र पर माल्यार्पण किया। यहां भाजपा के जिला पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
पूर्व मंत्री कोठारी ने मुंह मीठा करवाया
भाजपा कार्यालय से नवनिर्वाचित महापौर पूर्व गृहमंत्री हिम्मत कोठारी के निवास पर पहुंचे और आशीर्वाद प्राप्त किया। कोठारी ने नवनिर्वाचित पटेल का मुंह मीठा करवाकर उन्हें बधाई दी। कोठारी ने विधायक चेतन्य काश्यप का भी मुंह मीठा करवाकर बधाई दी। इस दौरान भाजपा के जिला एवं मण्डल पदाधिकारी एवं कार्यकर्तागण उपस्थित रहे। कोठारी के निवास से नवनिर्वाचित महापौर बरबड़ स्थित निवास पर पहुंचे, यहां परिवारजनों ने आरती उतारकर पटेल एवं सभी आगन्तुकों का स्वागत सत्कार किया।
रतलामी चुनावी फीवर के लिए हमें व्हाट्सएप पर ज्वाइन करे…
https://chat.whatsapp.com/I3cXSVVXvVF8Xo4OHT2A9t
न्यूज़ इंडिया 365 – खबरों का रतलामी फीवर के व्हाट्सएप ग्रुप में जुड़ने और महत्वपूर्ण समाचारो के साथ अपने को अपडेट रखने के लिए, ऊपर दी गयी लिंक पर क्लिक करे|




