मध्यप्रदेश गौरव सम्मान-2022 से सम्मानित गायत्री परिवार ने मुख्यमंत्री का आभार माना…

0

News By – नीरज बरमेचा 

भोपाल। मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर 07 नवंबर को भोपाल के रविन्द्र भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में सामाजिक सुधार श्रेणी में उल्लेखनीय कार्य एवं योगदान हेतु मध्यप्रदेश गायत्री परिवार को “मध्यप्रदेश गौरव सम्मान-2022” से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार प्रदेश के माननीय राज्यपाल  मंगू भाई पटेल एवं मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान द्वारा प्रदत्त किया गया। गायत्री परिवार की ओर से मध्यप्रदेश के ज़ोन समन्वयक राजेश पटेल एवं परिजनों ने इस पुरस्कार को प्राप्त किया। कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री शिवराजसिंह ने ट्वीट कर गायत्री परिवार एवं अन्य पुरुस्कृत संस्थाओं को बधाई प्रेषित की थी। जिसके लिए देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति एवं अखिल विश्व गायत्री परिवार के युवा नेतृत्व आदरणीय डॉ चिन्मय पण्ड्या ने ट्वीट कर गायत्री परिवार की मध्यप्रदेश शाखा की ओर से प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार व्यक्त किया था। इसी क्रम में अखिल विश्व गायत्री परिवार की मध्यप्रदेश शाखा ने इस सम्मान को परमपूज्य गुरुदेव पण्डित श्रीराम शर्मा आचार्य एवं वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा को समर्पित किया तथा इसका श्रेय अपने केंद्रीय मार्गदर्शक श्रद्धेय डॉ प्रणव पण्ड्या एवं श्रद्धेया शैलबाला पण्ड्या जीजी शांतिकुंज हरिद्वार के कुशल नेतृत्व के साथ साथ प्रदेश के लाखों गायत्री परिजनों को समर्पित प्रयास एवं योगदान को दिया है। गायत्री परिवार के स्थानीय शाखा ने बताया कि अखिल विश्व गायत्री परिवार प्रदेश के साथ साथ पूरे देश में सामाजिक सुधार, व्यसनमुक्ति अभियान, पर्यावरण संरक्षण, नारी जागरण, युवा एवं बाल विकास, कुरूतियों के उन्मूलन, सत्प्रवृत्तियों के संवर्द्धन सहित अन्य जनहित के मानवीय आंदोलनों के क्षेत्र में सक्रिय एवं उल्लेखनीय भूमिका निभा रहा है।

राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने प्रदान किया पुरुस्कार

मध्यप्रदेश गौरव सम्मान-2022 के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा है कि सार्वजनिक सम्मान और पुरस्कार व्यक्ति को समाज में बेहतर योगदान के लिए प्रेरित करता है। उनका उत्साहवर्धन करता है। उन्होंने सभी सम्मानितों को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि वे आगे भी वंचितों और पिछड़ों की मदद के लिए बेहतर कार्य करते रहेंगे। मुख्यमंत्री चौहान ने अपने संबोधन में मध्यप्रदेश की विशेषताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश अनेक क्षेत्र में देश में अव्वल है। यह क्रम आगे भी बना रहेगा। मध्यप्रदेश को समृद्ध बनाने के लिए सभी मिल कर कदम बढ़ाएँ, हम प्रदेश की बेहतरी का संकल्प लें और आम इंसान को राहत देते हुए विकास के नए प्रतिमान स्थापित करें। मुख्यमंत्री चौहान ने सभी पुरस्कृत संस्थाओं और व्यक्तियों को बधाई दी। कार्यक्रम में राज्यपाल और मुख्यमंत्री के साथ गृह और जेल मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, मंत्री सुरेश धाकड़, मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया, विधायक रामेश्वर शर्मा, विधायक कृष्णा गौर, भोपाल की महापौर मालती राय और जिला पंचायत भोपाल की अध्यक्ष राम कुंवर गुर्जर मौजूद थीं।

रतलाम गायत्री परिवार के पातीराम शर्मा, विवेक चौधरी, अर्जुन सिंह, एम एम साहू, महेश गोयल, शिवपाल छप्री, विजय सिंह चौहान आदि ने इस सम्मान पर हर्ष व्यक्त किया तथा इसे गौरव का विषय बताया।


रतलामी फीवर के लिए हमें व्हाट्सएप पर ज्वाइन करे…

https://chat.whatsapp.com/I3cXSVVXvVF8Xo4OHT2A9t

न्यूज़ इंडिया 365 – खबरों का रतलामी फीवर के व्हाट्सएप ग्रुप में जुड़ने और महत्वपूर्ण समाचारो के साथ अपने को अपडेट रखने के लिए, ऊपर दी गयी लिंक पर क्लिक करे|