News By – विवेक चौधरी
रतलाम (गुरुवार 16 फरवरी 23) रतलाम शहर के सैलाना बस स्टैंड के पास ही स्थित मिशन कंपाउंड की भूमि, जिस पर मिशनरी के कब्जे के साथ प्रशासन द्वारा अतिक्रमण बताने का विवाद चल रहा है, पर प्रशासन ने सुबह सबेरे ही जेसीबी चला दी। लोग सुबह उठते और कुछ समझ पाते इतने में प्रशासन ने कार्यवाही को अंजाम दे दिया। पूर्व तैयारियों के साथ जिला प्रशासन, नगर निगम एवं पुलिस बल सुबह ही मौके पर पहुंच गया था।

बताया जा रहा है कि शहर के मध्य भाग में स्थित सर्वे क्रमांक 87 की इस भूमि का वर्तमान मूल्य करोड़ों रुपए में है। प्रशासन ने गुरुवार सुबह ही अपनी कार्यवाही शुरू करते हुए पुराने भवन को ध्वस्त कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रशासन लगभग ढाई हेक्टेयर भूमि को अपने कब्जे में लेने की कार्यवाही कर रही है। उल्लेखनीय है कि सैलाना बस स्टैंड स्थित मिशन कंपाउंड क्षेत्र में ईसाई मिशन का चर्च एवं आवास इत्यादि है। यहीं पर गायत्री टाकीज़ रोड पर मिशन कंपाउंड में बहुत पुराना मिशन अस्पताल भी है। इसी क्षेत्र में प्रशासन द्वारा कब्जे की कार्यवाही की गई है।
कोर्ट से नहीं मिला था स्टे
पिछले दिनों ही ईसाई मिशनरी की तरफ से भूमि पर अपने अधिकार को लेकर कोर्ट में स्टे आर्डर लेने के लिए दावा प्रस्तुत किया गया था। प्रशासन की कार्यवाही को रोकने और स्टे देने के लिए दावा प्रस्तुत किया गया था। लेकिन सुनवाई के बाद कोर्ट ने स्टे देने से इनकार कर दिया था। जिसका लाभ लेते हुए प्रशासन ने त्वरित कार्यवाही को अंजाम दे दिया।

पूर्व में भी कार्यवाही के हुए थे प्रयास
पूर्व में भी प्रशासन द्वारा कंपाउंड की भूमि पर कब्जे की कार्यवाही का प्रयास हुआ था लेकिन उस समय हुए विरोध के मद्देनजर प्रशासन ने काम रोक दिया था। अक्टूबर माह में प्रशासन की कार्यवाही का कंपाउंड के रहवासी, ईसाई मिशनरी के पदाधिकारियों एवं काँग्रेस नेताओ ने भारी विरोध किया था। सैलाना बस स्टैंड पर धरना प्रदर्शन एवं चक्काजाम कर दिया था। समाज की महिलाएं वाहन के आगे लेट गई थी। विरोध के बाद प्रशासन ने अपनी कार्यवाही को तो विराम दिया था लेकिन कुछ प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस में प्रकरण दर्ज किया गया था।




रतलामी फीवर के लिए हमें व्हाट्सएप पर ज्वाइन करे…
https://chat.whatsapp.com/I3cXSVVXvVF8Xo4OHT2A9t
न्यूज़ इंडिया 365 – खबरों का रतलामी फीवर के व्हाट्सएप ग्रुप में जुड़ने और महत्वपूर्ण समाचारो के साथ अपने को अपडेट रखने के लिए, ऊपर दी गयी लिंक पर क्लिक करे|



