News By – विवेक चौधरी
- कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त रतलाम विकास प्राधिकरण अध्यक्ष पद पर अशोक पोरवाल हुए आसीन..
- किसी नेता की पार्टी नही है भाजपा बल्कि कार्यकर्ताओ की पार्टी है, रतलाम के बिना इंदौर अधूरा है – आकाश विजयवर्गीय
- शहर में कई स्थानों पर हुआ अशोक पोरवाल की रैली का हुआ स्वागत
- समापन छोटू भाई की बगीची में हुआ

रतलाम। एक दशक लंबी प्रतीक्षा के बाद रतलाम विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष पद पर किसी की नियुक्ति हुई है। रतलाम की राजनीति में हलचल पैदा करने के साथ युवा भाजपा नेता अशोक पोरवाल की इस पद पर ताजपोशी की गई, वो भी कैबिनेट मंत्री के दर्जा के साथ। इंदौर के बड़े नेता के संरक्षण और प्रदेश संगठन की बागडोर संभालने वाले नेताजी के सहयोग से इस पद आसीन हुए अशोक पोरवाल स्वागत रैली के माध्यम से निगम अध्यक्ष के कार्यकाल के बाद और आरडीए के गठन के बाद दूसरे अध्यक्ष के रूप में इस पद का कार्यभार संभाला। अशोक पोरवाल ने मंगलवार की शाम आरडीए कार्यालय पहुंच कर पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण के समय सांसद गुमानसिंह डामोर, नगर विधायक चेतन्य काश्यप, रतलाम ग्रामीण विधायक दिलीप मकवाना, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह लूनेंरा सहित भाजपा नेता के कई उपस्थित रहे। जहाँ पदग्रहण समारोह में सभी गुटों के भाजपा नेताओं की उपस्थिति के माध्यम से अशोक पोरवाल ने राजनैतिक खींचतान को विराम देने का प्रयास किया, वहीं कद्दावर भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय के पुत्र इंदौर विधायक आकाश विजयवर्गीय की उपस्थिति के माध्यम से अपनी केंद्रीय स्तर की पकड़ को भी प्रदर्शित किया।

स्वागत रैली का कई जगहों पर हुआ स्वागत
रतलाम विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष पद का पदभार ग्रहण करने के बाद नवनियुक्त अध्यक्ष अशोक पोरवाल ने स्वागत रैली के माध्यम से नगर भ्रमण करते हुए स्वागत अभिवादन स्वीकार किया एवं जनता का आभार व्यक्त किया। पोलो ग्राउंड स्थित अंबेडकर मैदान से निकली रैली में युवाओं की टोली के साथ भाजपा के लगभग हर गुट के नेता और कार्यकर्ता नजर आया। स्वागत रैली शहर के अम्बेडकर खेल मैदान से शुरू होकर स्टेशन रोड, दोबत्ती, दिलबहार चौराहा, फ्रीगंज, न्यू रोड, लोकेंद्र टाकीज, शहर सराय, धानमंडी, गणेश देवरी, डालूमोदी बाजार, घास बाजार, चौमुखीपुल, चाँदनी चौक, होते हुए छोटू बाई की बगीची स्थित समापन स्थल पर पहुँची। जहां भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। शहर में कई स्थानों पर रैली का स्वागत हुआ।

समापन स्थल पर भाजपा नेताओं ने किया संबोधित
भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय के पुत्र एवं इंदौर से विधायक आकाश विजयवर्गीय ने समापन सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा किसी नेता की नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं की पार्टी है। रतलाम के बिना इंदौर अधूरा है। प्रदेश का विकास भाजपा की सरकार बनने के बाद ही हुआ है अन्यथा खराब सड़के और घंटों तक बिजली गुल रहती थी। भाजपा के वरिष्ठ नेता पूर्व गृहमंत्री हिम्मत कोठारी ने अपने संबोधन में कहा कि मैं अशोक पोरवाल की कार्यप्रणाली से वाकिफ हूँ। वह इस पद पर रह कर गरीबो की सेवा करेंगे। यह ताजपोशी नही है बल्कि कांटो का ताज है। यह एक बड़ी जिम्मेदारी है। पोरवाल इस जिम्मेदारी को अच्छी तरह से निभाएंगे यही उम्मीद है। समारोह को रतलाम ग्रामीण विधायक दिलीप मकवाना, पूर्व महापौर शैलेंद्र डागा, जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह लुनेरा, बजरंग पुरोहित, अशोक चौटाला सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम के अंत मे समारोह में आए कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त आरडीए अध्यक्ष अशोक पोरवाल और इंदौर के विधायक आकाश विजयवर्गीय का स्वागत अभिनंदन किया।


रतलामी फीवर के लिए हमें व्हाट्सएप पर ज्वाइन करे…
https://chat.whatsapp.com/I3cXSVVXvVF8Xo4OHT2A9t
न्यूज़ इंडिया 365 – खबरों का रतलामी फीवर के व्हाट्सएप ग्रुप में जुड़ने और महत्वपूर्ण समाचारो के साथ अपने को अपडेट रखने के लिए, ऊपर दी गयी लिंक पर क्लिक करे|



