News by – विवेक चौधरी
रतलाम (बुधवार, 14 जून 2023) रतलाम जिले के नामली क्षेत्र के ग्राम बड़ोदिया में नाबालिग बालिका से हुई दुष्कर्म की घटना पर विवाद एवं विरोध के बाद जिला प्रशासन ने अपना पक्ष रखकर बताया कि उन्होंने घटना पर सभी आवश्यक की है और आगे भी करेंगे। प्रशासन ने बताया है कि तत्काल कड़ी धाराओं में FIR दर्ज कर अपराधी की उसी दिन गिरफ्तारी कर ली थी। उल्लेखनीय है कि सामाजिक संगठन के विरोध प्रदर्शन के बाद काँग्रेस ने भी घटना को लेकर प्रशासन का विरोध किया था। उनके पूर्व मंत्री कमल पटेल, सैलाना विधायक हर्ष विजय गेहलोत, आलोट विधायक मनोज चावला सहित अन्य नेताओं ने मेडिकल कॉलेज में भी धरना दिया था।
उक्त घटना पर बढ़ते विवाद के बाद प्रशासन ने स्पष्ट करते हुए बताया कि विगत 11 जून को जिले की तहसील टप्पा नामली के ग्राम बड़ोदिया में नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म की घटना प्रकाश में आई। पीड़ित पक्ष के अस्पताल पहुंचने पर शासकीय चिकित्सक की संवेदनशीलता का परिचय देते हुए और तत्परता दिखाते हुए पहल की। पीड़ित पक्ष ने घटना के फौरन पश्चात अर्ध रात्रि में ही पुलिस थाना नामली भारतीय दंड संहिता 1860 की धारा 363, 376AB, 323, 506 एवं लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 की धारा 3, धारा 4 एवं अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (नृशंसता निवारण) अधिनियम 1989 (संशोधन 2015) की धारा 3 (2) (VA) में प्रकरण दर्ज किया। जिसपर पुलिस व प्रशासन ने तत्परता से अपराधी की तलाश करके उसी दिन गिरफ्तार कर लिया था। वर्तमान में अपराधी पुलिस गिरफ्त में है।
प्रशासन ने यह भी दावा किया कि उक्त कार्यवाही के साथ साथ समानांतर कार्रवाई करते हुए जिला प्रशासन द्वारा बालिका के चिकित्सकीय उपचार की समुचित व्यवस्था और पीड़ित परिवार की आवश्यकता के समुचित प्रबंध किए गए। स्थानीय विधायक दिलीप मकवाना जी एवं प्रशासनिक अधिकारी सतत पीड़ित परिवार के संपर्क में है और आवश्यक सहायता कर रहें हैं।
प्रशासन का कहना है कि अपराधी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। पीड़ित परिवार को इस संकट की घड़ी में आर्थिक समस्या न हो इस हेतु रेडक्रॉस के माध्यम से एक लाख रुपए की आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई है, साथ ही अन्य आवश्यक सहायता भी प्रदान की जा रही हैं। पुलिस पीड़ित परिवार की सुरक्षा भी सुनिश्चित कर रही है। स्थानीय प्रशासन ने अपराधी द्वारा किए गए अवैध अतिक्रमण ध्वस्त करने की कार्यवाही भी की है। अपराधी को कठोर दंड मिले इसके लिए भी ठोस एक्शन लिया जा रहा है। माननीय न्यायालय से शीघ्रता से कठोर सजा दिलवाने की कार्यवाही की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि इसके पूर्व मंगलवार को प्रदेश के पूर्व मंत्री कमलेश्वर जी पटेल, सैलाना विधायक हर्ष विजय गहलोत, आलोट विधायक मनोज चावला सहित अन्य नेतागण पीड़ित बालिका का हाल जानने मेडिकल कॉलेज गए थे। काँग्रेस नेता का कहना था कि पीड़िता के परिजनों को उचित सहायता नहीं की गई। अधिकारियों से सम्पर्क करने पर गैरजिम्मेदाराना व्यवहार का सामना करना पड़ा, जिसको लेकर शाम से लेकर देर रात तक मेडिकल कॉलेज में धरना दिया गया। जिसमें कैलाश पटेल, महेंद्र कटारिया, डीपी धाकड़, शैलेंद्र सिंह अठाना इत्यादि काँग्रेस नेता शामिल थे। इसके पूर्व काँग्रेस के नेता से फ़ोन पर कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी से गहमागहमी भी हो गई थी। घटना को लेकर काँग्रेस ने बुधवार को पैदल मार्च निकाला और 23 जून को जिले में बड़े प्रदर्शन एवं कलेक्टोरेट का घेराव की बात कही।



