जानिए उज्जैन संभागायुक्त डॉ संजय गोयल ने मेडिकल कॉलेज में क्यों हुए नाराज…

0

News by – Team News India 365

  • मेडिकल कॉलेज में बैठक लेकर की समीक्षा
  • अस्पताल का किया निरीक्षण
  • जताई नाराजगी, दिए निर्देश

रतलाम 16 अगस्त 2023/ उज्जैन संभागायुक्त डॉ संजय गोयल बुधवार को रतलाम प्रवास पर आए। उन्होंने स्थानीय शासकीय मेडिकल कॉलेज (डॉ लक्ष्मीनारायण पांडेय मेडिकल कॉलेज) पहुंचकर कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी की उपस्थिति में मेडिकल कॉलेज के डीन जितेंद्र गुप्ता एवं स्टॉफ के साथ बैठक ली। मेडिकल कॉलेज एवं परिसर में संचालित चिकित्सालय की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर समीक्षा की। इस दौरान वे नाराज़ भी हुए और आवश्यक निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत अमन वैष्णव, अन्य अधिकारी एवं मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर्स एवं स्टाफ भी उपस्थित थे।

बैठक में कमिश्नर डॉ. गोयल द्वारा मेडिकल कॉलेज की परिसर में संचालित चिकित्सालय की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की मंशा अनुसार चिकित्सालय में समस्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें, कोई कमी नहीं रहे। मरीज को कहीं कोई दिक्कत नहीं हो, मरीज को कोई भी सामग्री दवाइयां इत्यादि बाहर से खरीदकर नहीं लाना पड़े। मेडिकल कॉलेज का संचालन शासन के नियमानुसार किया जाए जो भी खरीदी की जाए वह शासन के नियमों के अधीन हो।

चिकित्सालय का निरीक्षण

संभागायुक्त डॉ संजय गोयल ने मेडिकल कॉलेज परिसर में संचालित चिकित्सालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ओपीडी एवं फार्मेसी विभाग में जाकर प्रक्रियाओं का जायजा लिया। आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रक्रिया से अवगत हुए। सर्जिकल वार्ड में पहुंचकर मरीजों से चर्चा की। ग्राम बिलपांक के मरीज वर्दीचंद एवं बड़ोदिया के मरीज गोपाल से चर्चा करते हुए उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। मरीजों से पूछा कि उनको खाना, दवाइयां वगैरह समय पर मिल रही है अथवा नहीं। मरीजों ने बताया कि उनको समस्त सुविधाएं प्राप्त हो रही हैं, खाना समय पर मिल रहा है, दवाइयां भी मिल रही हैं। मरीज वर्दीचंद का मेडिकल प्रिसक्रिप्शन देखा तो डॉ गोयल ने पाया कि मरीज को पूर्व संध्या को इंजेक्शन नहीं लग पाया है, उन्होंने सबसे नाराजगी व्यक्ति की। मेडिकल कॉलेज के डीन को निर्देशित किया कि मरीज को यदि शाम को इंजेक्शन लगना है तो उसकी व्यवस्था सुबह से कर ली जाए। मरीज वर्दीचंद के बेड पर तकिया नहीं पाए जाने पर भी नाराजगी व्यक्त की।

मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ गुप्ता को यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि मेडिकल कॉलेज के चिकित्सालय में आने वाले मरीजों के लिए कोई कमी नहीं रहना चाहिए। शासन द्वारा दी जा रही समस्त सुविधाएं मरीजों को मिलना चाहिए। ओपीडी में भी लाइन में लगे मरीजों से चर्चा की, उनको मिल रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। फार्मेसी विभाग में पहुंचकर एवं स्टॉक का जायजा लिया।

मेडिकल कॉलेज में सुधार की जताई संभावना

उज्जैन संभागायुक्त डॉ गोयल मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण एवं बैठक लेकर कलेक्टोरेट आए, जहाँ उन्होंने मतदाता सूची पुनरीक्षण समीक्षा की मीटिंग ली। उसी क्रम में मीडिया से बात करते हुए मेडिकल कॉलेज की व्यवस्था पर संतोष तो जताया लेकिन सुधार की गुंजाइश की भी बात कही। उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान उन्होंने महसूस किया कि सुधार की गुंजाइश है और सुधार करने के निर्देश भी दिए। सूत्रों के अनुसार मेडिकल कॉलेज डीन और स्टॉफ के साथ बैठक के दौरान उन्होंने सुधारों को अमल में लाने के लिए सख्त लहजे में हिदायत भी दी। और अगली बार औचक निरीक्षण की भी बात कही।