मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर जो हमेशा से विवादित बयानों से सुर्खियों में रहते है। उन्होंने शुक्रवार को एक बार फिर अपनी ही पार्टी पर निशाना साधा है। गौर ने बीजेपी में वरिष्ठ नेताओं की अनदेखी का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि अगर पार्टी में ऐसा ही चलता रहा तो यह भाजपा के भविष्य के लिए अच्छा नहीं होगा।
बाबूलाल गौर ने कहा, भाजपा ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को दरकिनार कर दिया है। अगर पार्टी अपने वरिष्ठ नेताओं की राय नहीं लेती है तो इसका भविष्य अच्छा नहीं होगा। जिन लोगों के पास जीतने का मौका था, उन्हें चुनाव का टिकट नहीं दिया गया।
बता दें कि भाजपा से नाराज चल रहे बाबूलाल गौर भोपाल से कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ने पर विचार कर रहे हैं। बीते विधानसभा चुनाव में भाजपा ने गोविंदपुरा सीट से गौर की टिकट काट दी थी। इससे उनके समर्थकों ने काफी हंगामा किया था। जिसके बाद गौर की जगह उनकी बहु कृष्णा गौर को टिकट दिया था। कृष्णा गौर ने कांग्रेस के प्रत्याशी गिरीश शर्मा को 46,359 वोटों से हराया।