(MCH- Mother & Child Hospital) महिला एवं शिशु चिकित्सालय में मंगलवार शाम एक परिवार ने नवजात बदलने की ग़लतफ़हमी को लेकर हंगामा किया। किसी और के बच्चे (लड़का) को देख परिवारजन ने सभी को बोल दिया की लड़का हुआ है, लेकिन बाद में जब अस्पताल प्रशासन ने लड़की के जन्म होने की बात कही, तो परिजनों ने बच्चा बदलने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। हंगामा होते ही हॉस्पिटल में सीएसपी, तहसीलदार आदि भी पहुंचे और समझाइश देकर मामला शांत करवाया।
सूत्रों के अनुसार एमसीएच में जावरा निवासी एक गर्भवती को भर्ती किया गया था। ओपरेशन से महिला ने दोपहर 3.37 मिनट पर लड़के को जन्म दिया। महिला को कुछ देर बाद वार्ड में भेज दिया गया, लेकिन उसके बेटे को ब्लड ग्रुप ओ नेगेटिव होने से स्टाफ ने टेबल पर अन्य जांच के लिए सुला दिया। इसी बीच एक अन्य गर्भवती को भी एमसीएच में प्रसव कक्ष में लिया गया। उसने 3.58 पर लड़की को जन्म दिया। अंदर महिला की भाभी भी मौजूद थी। भाभी ने टेबल पर लड़के को लेटा देखा और बाहर आकर परिजनों को बताया कि लड़के का जन्म हुआ है। करीब 15 मिनट बाद जब अस्पताल स्टाफ ने परिजनों को लड़की होने की बात कही, तो परिजन भड़क उठे।
उन्होंने आरोप लगाया कि उसके परिवार में लड़के का जन्म हुआ है और अस्पताल में बच्चा बदल दिया गया है। अस्पताल की नर्स, डॉक्टरों ने दोनों परिवारों को बच्चे की जन्म की रिसिप्ट, ब्लड ग्रुप आदि के दस्तावेज भी बताए, लेकिन परिवार नहीं माना। हंगामा बढने पर स्टाफ ने वरिष्ठ जनों को सूचना दी।