News By – विवेक चौधरी
- भाजपा पदाधिकारियों, मोर्चा व प्रकोष्ठों की बैठक
- 65 हजार बूथों पर जीत का एक्शन प्लान बनेगा
- कार्यकर्ता लेंगे बूथ विजय संकल्प
रतलाम, 26 नवंबर 2022। भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है। इसमें प्रत्येक कार्य के लिए कार्यकर्ता और प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए कार्य होता है। संगठन जो भी दायित्व प्रदान करें, उसका निर्वहन पूरी क्षमता एवं समर्पण भाव के साथ करें। एक छोटा कार्यकर्ता बूथ से लगाकर राष्ट्रीय अध्यक्ष तक का सफर तय करता है, तो वह सिर्फ भाजपा में ही संभव है। असंभव कार्य को संभव बनाना भाजपा कार्यकर्ता की पहचान है। इसके लिए लक्ष्य निर्धारित कर सकारात्मक सोच के साथ लगातार आगे बढ़ते रहे।

यह बात भाजपा के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने कही। विधायक जनसंपर्क कार्यालय पर पहले भाजपा के मोर्चा प्रकोष्ठों एवं बाद में जिला पदाधिकारी एवं मण्डल अध्यक्षों की बैठक को सम्बोधित करते हुए राव ने पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्र में प्रवास करने का आह्वान करते हुए कहा कि राजनीतिक क्षेत्र में प्रवास अत्यंत आवश्यक है। इससे संगठन को मजबूती मिलती है। प्रदेश पदाधिकारी जिले एवं जिला पदाधिकारी मण्डल तथा मण्डल पदाधिकारी बूथों का प्रवास सुनिश्चित करें। रतलाम जिले में 1296 बूथों पर भाजपा को 50 प्रतिशत से अधिक मत प्राप्त हो, ऐसे प्रयास सभी कार्यकर्ताओं को अभी से शुरू कर देना चाहिए।
राव ने कहा कि भाजपा आगामी 2-3 माह में 65 हजार बूथों के लिए एक्शन प्लान तैयार कर रही है। इसमें कार्यकर्ता बूथ विजय संकल्प लेकर कार्य करेगी। संगठन, मोर्चा व प्रकोष्ठ की बैठकें आयोजित करने एवं हर बैठक में कार्यों की समीक्षा करने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि केन्द्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार है। इससे अधिक अनुकूल समय पहले कभी नहीं रहा, इसलिए सभी अपनी जवाबदेही समझे और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों को मिले, यह सुनिश्चित करें।
राव ने बैठकों में सीधा संवाद कर उपस्थित पदाधिकारियों से समस्या, चुनौती एवं लक्ष्य की चर्चा की। उन्होंने कहा कि तकनीकी युग में प्रत्येक व्यक्ति के कार्य की निगरानी हो रही है। यह तय मान कर चलिए कि जो भी व्यक्ति पार्टी और अनुशासन विरूद्ध कार्य करता है, उसका भविष्य अंधकारमय है।

रतलामी फीवर के लिए हमें व्हाट्सएप पर ज्वाइन करे…
https://chat.whatsapp.com/I3cXSVVXvVF8Xo4OHT2A9t
न्यूज़ इंडिया 365 – खबरों का रतलामी फीवर के व्हाट्सएप ग्रुप में जुड़ने और महत्वपूर्ण समाचारो के साथ अपने को अपडेट रखने के लिए, ऊपर दी गयी लिंक पर क्लिक करे|



