News by – विवेक चौधरी
रतलाम। रतलाम के रेलवे कॉलोनी एवं रतलाम स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 7 की तरफ से शहर एवं रेलवे के डीआरएम कार्यालय को जोड़ने वाला ‘डाट की पुलिया मार्ग’ 01 फरवरी से आवागमन के लिए बंद होने जा रहा है। यह मार्ग मरम्मत के लिए 12 फरवरी तक बंद रहेगा। रेलवे कॉलोनी, उसके आसपास के क्षेत्र एवं औद्योगिक क्षेत्र से यह मार्ग शहर को जोड़ता है, जिससे प्रतिदिन हजारों लोग गुजरते है। यद्धपि सड़क मरम्मत के कार्य से आगामी दिनों सुविधा होगी लेकिन लगभग 2 सप्ताह तक इससे गुजरने वाले रहवासियों को काफी लंबी दूरी एवं ज्यादा समय लगाकर वैकल्पिक मार्ग से आना जाना पड़ेगा। रतलाम स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 7 के लिए जाने वालों अधिकांश यात्रियों को भी परेशानी होगी। इस समय राम मंदिर से सैलाना बस स्टैंड पर भी यातायात का भारी दबाव है जिसमें परेशानियों का इजाफा ही होगा। शहर सरकार को शहर को पटरी पार क्षेत्र से जोड़ने के नए वैकल्पिक मार्गों पर अब जल्द ही चिंता करने की आवश्यकता है। एक लंबे समय से यह मांग उठती रही है लेकिन जिम्मेदारों को कब सुनाई और समझ में आएगी यह तो भगवान ही जानता है।
रेलवे विभाग ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी करके बताया है कि पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के रतलाम में मुम्बई दिल्ली मुख्य रेल मार्ग पर स्थित डाट की पुलिया के नीचे की सड़क काफी खराब हो गई है जिसका मरम्मत किया जाना प्रस्तावित है। सड़क का मरम्मत कार्य 01 फरवरी, 2023 से 12 फरवरी, 2023 तक किया जाना निर्धारित किया गया है। मरम्मत कार्य किये जाने के कारण डाट की पुलिया से सभी प्रकार के वाहनों का 01 फरवरी, 2023 प्रात: 08.00 बजे से 12 फरवरी, 2023 रात्रि 20.00 बजे तक आवागमन बंद रहेगा। 01 फरवरी, 2023 से 12 फरवरी, 2023 तक सड़क उपयोगकर्ता उपलब्ध अन्य वैकल्पिक मार्ग का उपयोग कर सकते हैं।



