News By – नीरज बरमेचा
- जोरदार आतिशबाजी कर किया विधायक चेतन्य काश्यप का अभिनंदन
- मध्य प्रदेश के बीना में आयोजित समारोह का सीधा प्रसारण देखा
रतलाम, 14 सितंबर 2023। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीना में आयोजित समारोह में रतलाम में 460 करोड़ के मेगा इंडस्ट्रियल पार्क की आधारशिला रखी। उनके करकमलों से यह कार्य संपन्न होते ही रतलाम में उल्लास छा गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार आतिशबाजी कर जश्न मनाया और विधायक चेतन्य काश्यप का फूल मालाएं एवं साफा पहनाकर अभिनंदन कर हर्ष जताया। इससे पहले सबने विधायक जनसंपर्क कार्यालय पर बीना के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा गया।
प्रधानमंत्री मोदी के हाथों शुरू होने वाला मेगा इंडस्ट्रियल पार्क दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे के समीप विशेष निवेश क्षेत्र में स्थापित होगा। इसके माध्यम से रतलाम सहित आस-पास के हजारों युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। रतलाम के मेगा इंडस्ट्रियल पार्क में कपड़ा, ऑटोमोबाइल, फार्मास्यूटिकल्स जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों के लिए एक प्रमुख केंद्र बनाने की अवधारणा की गई है। यह पार्क दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे से बेहतर तरीके से जुड़ा होने से पूरे क्षेत्र के आर्थिक विकास को बढ़ावा देगा। इस पार्क के माध्यम से रतलाम के युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए विधायक काश्यप लंबे समय से प्रयासरत थे। इसके लिए रतलाम के समीप विशेष निवेश क्षेत्र की मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने घोषणा कर पिछले बजट में राशि का प्रावधान भी कर दिया था।

रतलाम महानगर ही नहीं, मालवा-निमाड़ का प्रमुख केंद्र बनेगा- काश्यप
प्रधानमंत्रीजी द्वारा मेगा इंडस्ट्रीयल पार्क की आधारशिला रखी जाने के बाद विधायक चेतन्य काश्यप ने कहा कि यह युग परिर्वतन का दौर है। इसमें रतलाम के समीप निवेश क्षेत्र में इंडस्ट्रीयल पार्क विकसित होने से पर रतलाम की दशा और दिशा दोनों बदल जाएगी। रतलाम अब महानगर ही नहीं अपितु मालवा-निमाड़ का प्रमुख औद्योगिक एवं व्यापारिक केंद्र बनेगा। काश्यप ने रतलाम को यह महती उपलब्धि देने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को धन्यवाद ज्ञापित किया।




