News By – विवेक चौधरी
- छात्रा का निजी फोटो इंस्टाग्राम पोस्ट करने वाला आरोपी रतलाम पुलिस की गिरफ्त में
- सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट पर सायबर सेल करेगी त्वरित कार्यवाही – रतलाम पुलिस
रतलाम। शहर में एक छात्रा का फोटो खींचकर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने का मामला सामने आया है। जिसमें पुलिस ने कार्यवाही करते हुए पोस्ट करने वाले युवक को गिरफ्त में ले लिया है। आरोपी युवक भी रतलाम शहर का ही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित छात्रा द्वारा पुलिस को सूचना दी गई थी कि वह लाइब्रेरी में पढ़ाई करती है और किसी अज्ञात आरोपी द्वारा छात्रा द्वारा लाइब्रेरी के वाशरूम का उपयोग करने के दौरान निजी फोटो खींच कर फर्जी इंस्टाग्राम आईडी से छात्रा को भेजा गया है। तथा इंस्टाग्राम पर कॉल करके ब्लैकमेल करने का प्रयास भी किया गया।
पीड़िता की सूचना पर रतलाम शहर के थाना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस द्वारा अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 753/2023 धारा 354 (ग) भादवि , 67 ए आईटी एक्ट का पंजीबध्द किया गया और मामले को विवेचना में लिया गया। मामले की पुलिस अधीक्षक रतलाम राहुल कुमार लोढा के जानकारी में आने के बाद उनके द्वारा मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित संज्ञान में लिया गया। उन्होंने सायबर सेल रतलाम को अज्ञात आरोपी के बारे जानकारी प्राप्त करने हेतु निर्देशित किया गया।
सायबर सेल रतलाम द्वारा अज्ञात इंस्टाग्राम आईडी के बारे में पड़ताल की गई। तकनीकी साक्ष्य एकत्रित कर इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर छात्रा को फोटो भेजने वाले आरोपी का पता लगाया गया। पड़ताल में फेसबुक फ्लेटफार्म से उक्त फर्जी आईडी के बारे में जानकारी प्राप्त करने पर जार्ज मैथ्यूज पिता क्लेमेंट मैथ्यूज का नाम सामने आया। आरोपी जार्ज मेथ्यूज पिता क्लेमेन्ट मेथ्यूज उम्र 20 साल का युवक होकर रतलाम शहर के 80 फिट रोड स्थित स्नेह नगर का निवासी है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राजेन्द्र वर्मा के नेतृत्व में आरोपी की गिरफ्तारी हेतु टीम गठित की गई। टीम द्वारा शनिवार 02 दिसंबर को आरोपी जॉर्ज मैथ्यूज को गिरफ्तार किया गया। उक्त प्रकरण में राजेन्द्र वर्मा थाना प्रभारी थाना औद्योगिक क्षेत्र रतलाम, उप.निरी. पंकज राजपूत व प्र.आर. मनमोहन शर्मा (सायबर सेल), आरक्षक मयंक व्यास (सायबर सेल), नब्बू डामोर, विजय वसुनिया की सराहनीय भूमिका रही है



