दिग्विजय सिंह को चुनौती देंगी भाजपा की साध्वी प्रज्ञा ठाकुर

0
फाइल फोटो

लोकसभा चुनाव 2019 के लिए भाजपा ने बुधवार को मध्यप्रदेश के लिए चार नामों का ऐलान कर दिया है। भाजपा ने हिदुत्व कार्ड खेलते हुए भोपाल लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजयसिंह के खिलाफ साध्वी प्रज्ञा ठाकुर को चुनावी मैदान में उतारा है।

इसके अलावा भाजपा ने विदिशा से रमाकांत भार्गव को मैदान में उतारा है। फिलहाल विदिशा लोकसभा सीट से विदेश मंत्री सुषमा स्वराज सांसद है। वही गुना से केपी यादव और सागर से राज बहादुर सिंह को प्रत्याशी बनाया है।

भोपाल पहुंची थी साध्वी प्रज्ञा

गौरतलब है कि इससे पहले वे भोपाल स्थित भाजपा कार्यालय पहुंची थी, जहां बंद कमरे में प्रदेशाध्यक्ष राकेश सिंह, संगठन मंत्री रामलाल, सुहास भगत, प्रभात झा और शिवराजसिंह सहित अन्य पदाधिकारियों के साथ रणनीति बनाई थी। बताया जा रहा है कि साध्वी प्रज्ञा ठाकुर के नाम की सहमति बनने पर संघ की अहम भूमिका रही है। गौरतलब है कि साध्वी प्रज्ञा मालेगांव ब्लास्ट के बाद सुर्खियों में आई थीं। इसके बाद उन्हें काफी दिनों तक जेल में रहना पड़ा था। फिलहाल वह जमानत पर चल रही है।

इससे पहले भोपाल लोकसभा सीट से पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चैहान, उमा भारती, नरेंद्र सिंह तोमर, आलोक शर्मा, और वीडी शर्मा के नाम पर चर्चा चल रही थी। साध्वी प्रज्ञा का मुकाबला कांग्रेस के दिग्गज नेता और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह से है। दिग्विजय सिंह के सॉफ्ट हिंदुत्व को देखते हुए भाजपा हिंदूवादी नेता की तलाश में थी।