ग्रामीण पर हमलाकर ग्राम में घुस आए तेंदुए की वजह से मचा हड़कम्प, जानिए क्या है मामला…

0

News By विवेक चौधरी (रतलाम ब्यूरों प्रमुख)

रतलाम। शुक्रवार की सुबह रतलाम जिले की जावरा क्षेत्र के बड़ायला माताजी ग्राम में उस समय हड़कंप मच गया जब एक तेंदुए ने एक एक करके 2 ग्रामीणों पर हमला कर दिया तथा एक ढालियेनुमा मकान में जाकर छुप गया। ग्रामीणों ने उसे उस मकान में बंद करके प्रशासन को सूचना दी। जिसके पश्चात प्रशासन तुरंत हरकत में आया एवं पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। वन विभाग को भी सूचना दी गई किंतु संसाधनों के अभाव में तेंदुए को पकड़ पाना उनके लिए संभव नहीं था। शुरुआती दौर में शेर और तेंदुए अथवा उसके जैसे किसी अन्य जानवर को लेकर शंका कुशंका चलती रही। सूचना मिलने पर जावरा एसडीएम राहुल धोटे एवं उसके बाद जिला कलेक्टर रुचिका चौहान तथा पुलिस अधीक्षक गौरव तिवारी भी मौके पर पहुंचे। कलेक्टर द्वारा सम्भाग में उच्च अधिकारियों से चर्चा करने के बाद उज्जैन वन विभाग से आए दल ने ट्रेंकुलाइजर इंजेक्शन के माध्यम से तेंदुए को बेहोश किया और उसे पकड़कर ले गए।

Advt.

तेंदुए के पकड़े जाने तक गांव में अफरा तफरी का माहौल बना रहा। घायल ग्रामीणों को उपचार के लिए जावरा भिजवाया गया। यद्यपि प्रशासन ने अपने स्तर से तेंदुए को पकड़ने का प्रयास तो किए लेकिन इस प्रकार की घटनाओं के लिए संसाधनों का अभाव सामने नजर आया। तेंदुए को पकड़ने के लिए तथा रेसक्यू दल के आगमन तक वन्य जानवर को घेरकर रखने के लिए जाल का उपयोग किया गया। भविष्य में यदि इस प्रकार की कोई घटना फिर से घटती है तो उसके लिए जिले के प्रशासन एवं वन विभाग को तैयार रहना चाहिए, जिसके लिए आवश्यक साधनों को पहले से ही जुटा लेने में ही समझदारी होगी।