दादा का अधूरा सपना पूराकर रतलाम का नाम रोशन कर रहा है यह IPS. जानिए कौन है यह….

0

News By – विवेक चौधरी

दादा का सपना था कि वो पुलिस के बड़े अधिकारी बने लेकिन खराब स्वास्थ्य के चलते बन ना सकें। उनका अधूरा सपना उनके पोते ने पूरा किया और आज IPS अधिकारी बनकर देश की सेवा करते हुए रतलाम का नाम रोशन कर रहा है। 2016 बैच के ये IPS अधिकारी है, रजत सकलेचा। जिन्होंने अपने दादा बापूलाल सकलेचा का सपना पूरा किया, साथ ही अपने माता साधना और पिता नरेश सकलेचा (SBI बैंक अधिकारी) का मस्तक भी गर्व से ऊँचा किया है। रतलाम में पले-बढ़े और शिक्षित हुए रजत सकलेचा IPS अधिकारी के तौर पर अपनी पुलिस सेवाओं से रतलाम का नाम रोशन कर रहे है। रजत वर्तमान में मध्यप्रदेश के कोरोना हॉट स्पॉट सिटी भोपाल के जोन 1 में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे है। उन्हें कोरोना योद्धाओं के रूप में इस जानलेवा वायरस से युद्ध लड़ रहे पुलिस कर्मचारियों के भोजन एवं आवास के प्रबंधन की व्यवस्था दी गई है। जिसे वे बखूबी अंजाम दे रहे है। अथक और अनवरत सेवा दे रहे पुलिस कर्मचारियों को आराम का भी मौका नहीं मिल रहा है। ऐसे में होटल अधिग्रहित कर ड्यूटी पर मुस्तैद पुलिसकर्मियों के भोजन, विश्राम, स्वास्थ्य आदि की प्रशंसनीय व्यवस्था संभाल रहे है। उनकी सेवा और गंभीरता को देख कर्मचारी भी उनकी प्रशंसा कर रहे है।

अपने स्कूली शिक्षा काल मे केंद्रीय विद्यालय रतलाम में पढ़ते हुए रजत ने प्रशासनिक अधिकारी बनने की ठानी थी। बाहरवीं में 80 प्रतिशत से ज्यादा अंक लाने के बाद उन्होंने इंदौर से सिविल इंजीनियरिंग की परीक्षा 2012 में उत्तीर्ण की। फिर दिल्ली में रहकर प्रशासनिक सेवाओं की तैयारियों में व्यस्त हो गए। 2013 में पहले प्रयास में ही UPSC के Mains तक पहुँच गए। दूसरा प्रयास 2014 में किया और इंटरव्यू में पहुंचकर CISF में सहायक कमांडेंट के लिए चयनित हो गए। लेकिन उनके मन मे कुछ और ही चल रहा था। उन्होंने 2015 में तीसरा प्रयास किया और 2016 में आये परिणाम में वे IPS बन गए और अपने दादा का स्वप्न सार्थक किया। हैदराबाद में प्रशिक्षण लिया और मध्यप्रदेश कैडर में जाना पसंद किया। अपनी प्रथम नियुक्ति में वे उज्जैन जिले के बिरलाग्राम थाना में प्रशिक्षु थाना प्रभारी बनें। फिर ग्वालियर में इंदरगंज CSP नियुक्त हुए। जहाँ उन्होंने एक बलवे को नियंत्रित करने में उल्लेखनीय भूमिका निभाई। उसके पश्चात फरवरी 2020 से वे भोपाल के ज़ोन 01 में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के रूप में अपनी सेवाएँ दे रहे है। रजत अपने शैक्षणिक जीवन मे नियमित रूप से समाचार पत्रों को पढ़ना, टाइम टेबल बनाकर पढ़ाई करना और अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखते थे। स्कूल के दिनों में उनकी माता साधना सकलेचा उन्हें पढ़ाया करती थी। पिता नरेश सकलेचा ने रजत के शिक्षा का समुचित प्रबंध किया और आज रजत रतलाम का नाम रोशन कर रहा है। न्यूज़ इंडिया 365 रतलाम के सकलेचा परिवार एवं ऐसे अनेक पुलिस अधिकारी कर्मचारियों एवं उनके परिवार का अभिनंदन करती है जो इस विकट घड़ी में अपनी जान जोखिम में डालकर देश और मानवता की सेवा कर रहे है।


न्यूज़ इंडिया 365 – 🌡खबरों का फीवर🌡

Also Join us On WhatsApp
https://chat.whatsapp.com/FJHYEupjkxUFgnkAuXWOLq
समाचारो के अपडेट के लिए ग्रुप ☝🏻 को ज्वाइन करे|