COVID19 – रतलाम शहर की ये लापरवाही पड़ सकती है भारी, जानिए क्या है मामला…

0

News By – नीरज बरमेचा & विवेक चौधरी 

बुधवार को रतलाम प्रशासन ने कई दिनों बाद शहर के 2 थाना क्षेत्र स्टेशन रोड और दीनदयाल नगर के लोगों को आवश्यक किराना सामग्री लेने के लिए कुछ घंटों की छूट दी थी। यहीं छूट गुरुवार को माणक चौक और औद्योगिक क्षेत्र थाना क्षेत्र के लोगों को मिली। लोगों ने अनुशासनहीनता के साथ इसका भरपूर दोहन करने का प्रयास किया। दोनों ही दिन यह सुविधा कंटेन्मेंट एरिया के लोगों के लिए उपलब्ध नहीं रही। इस रियायत की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए शहर में उद्घोषणा भी करवाई गई थी। इस छूट में सीमित समय के साथ कुछ शर्तें भी शामिल है। जैसे अतिआवश्यक हो तो ही जाएं, अकेले जाएं वो भी पैदल। वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन होगा इत्यादि।

लेकिन जब लोगों की मंशा पैर पर कुल्हाड़ी मारने की हो तो क्या किया जा सकता है। शर्मसार करने वाली अनुशासनहीनता दिखी। दुकानों के बाहर भीड़, पास पास खड़े लोग, दोपहिया वाहन पर डबल सवारी इत्यादि। बाजार तो ऐसा लग रहा था कि जैसे दीवाली की खरीदी चल रही हो। बस साज सज्जा और लाइटिंग झालर इत्यादि का अभाव था। यह भी सही है कि ऐसा मौका काफी दिन बाद आया। लोग राशन संग्रह में लगे हुए थे। रमजान की तैयारी की खरीदी करते लोग भी थे। लेकिन ऐसी बेपरवाही की कीमत शहर को बड़े स्तर पर चुकानी पड़ सकती है। माना प्रशासन भी सब्ज़ी वितरण में गुणवत्ता नहीं रख पा रहा है। लेकिन सरकारी दर पर फल वितरण ठीक नज़र आये। अभी पूरे देश मे लॉक डाउन है। कोरोना का खतरा बरकरार है। प्रशासन पर दबाव है और सहयोग जनता से अपेक्षित है। अव्यवस्थाओं पर आवाज़ उठाना मीडिया का कार्य है। लेकिन जनता की अनुशासनहीनता और लापरवाही को नजरअंदाज करना भी मीडिया के कर्तव्यों की अवहेलना होगी।

बुधवार और गुरुवार को जनता से संयम की अपेक्षा थी, जिसपर निराश हाथ लगी। कुल्हाड़ी पैर पर मारो या कुल्हाड़ी को पैर मारो, दोनों ही दशा में अपने ही पैर घायल होंगे। रतलाम की जनता जागरूक है बस संयम रखें, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। बाहर निकलने की बजाए वैकल्पिक उपायों पर ध्यान दे तो शहर की फिजा बदल सकती है। किसी को आपके खिलाफ ‘टिप्पणी’ करने का मौका भी नहीं मिलेगा। सबकी अपनी जिम्मेदारी है, जो निभानी तो पड़ेगी। बात कड़वी जरूर है लेकिन हर मर्ज की दवा मीठी भी नहीं होती है। यकीन कीजिये, कुछ कदम शहर चले तो सही, प्रशासन आपके साथ ही चलेगा।


Also Join us On WhatsApp
https://chat.whatsapp.com/FJHYEupjkxUFgnkAuXWOLq
समाचारो के अपडेट के लिए ग्रुप ☝🏻 को ज्वाइन करे|