गुरुवार रात कस्तूरबा नगर क्षेत्र में महिला डॉक्टर की गोली मारकर हत्या, जानिए क्या है मामला…

0

News By – नीरज बरमेचा & विवेक चौधरी 

रतलाम 19 जून 2020। गुरुवार की रात शहर के कस्तूरबा नगर क्षेत्र में सुमंगल गार्डन के पास कस्तूरबा नगर गृहनिर्माण समिति में रहने वाली एक महिला डॉक्टर का शव उनके घर से मिलने पर सनसनी फैल गई। पुलिस जांच के अनुसार महिला के सिर में गोली मारकर हत्या की गई है। शुक्रवार को गोली लगने का खुलासा होने के बाद पुलिस अधीक्षक गौरव तिवारी सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्राप्त जानकारी के अनुसार कस्तुरबा नगर ग्रह निर्माण समिति निवासी डॉ. प्रेम कुवंर सिसोदिया (60 वर्ष) का शव गुरुवार रात को उनके घर से मिला था। बताया जा रहा है कि महिला घर में अकेली रहती थी। पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा था, जिसमें महिला को गोली लगने का खुलासा हुआ। पुलिस हत्या का प्रकरण दर्ज कर रही है।

शुक्रवार को एसपी गौरव तिवारी, एफएसएल अधिकारी अतुल मित्तल सहित पुलिस के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसपी गौरव तिवारी ने बताया कि महिला के सिर में गोली मिली है। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसे चिन्हित अपराध में रखा जा रहा है और आरोपी पर 10 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया जा रहा है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। पुलिस के अनुसार महिला घर में अकेली रहती थी। घटनास्थल पर संघर्ष ,चोरी या लूट जैसा कोई साक्ष्य फिलहाल नहीं मिले हैं। ऐसे में पुलिस को आशंका है कि वारदात को अंजाम देने वाला कोई परिचित भी हो सकता है। पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।