रतलाम शहर के एक मकान की छत गिरने से 3 की मौत, जानिए क्या है मामला…

0

News By – विवेक चौधरी 

रतलाम, 25 जून 2020। आज की सुबह शहर के लिए एक दुःखद खबर लेकर आई है। एक मकान की छत गिरने से 3 की मौत हो गई है। आज जल्द सुबह शहर के सैलना रोड स्थित राम मंदिर के पीछे के क्षेत्र में जवाहर नगर स्थित चार बत्ती चौराहे पर एक मकान की छत गिरने से उसमें सो रहे परिवार के तीन सदस्यों की मलबे में दबने से मौत हो गई। जबकि एक व्यक्ति के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी है। गुरुवार की अल्लसुबह हुई इस दर्दनाक घटना के बारे में तहसीलदार गोपाल सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि सुबह करीब  पांच बजे जवाहर नगर स्थित एक दोमंजिला मकान के एक कमरे की छत अचानक भरभरा कर गिर गई। इस मकान के एक कमरे में एक व्यक्ति अपनी पत्नी, बेटी और बेटे के साथ किरायेदार के रूप में रहता था। इस दर्दनाक घटना के समय पूरा परिवार नींद में था। मलबे में दबने से पत्नी और दोनों बच्चों की मौत हो गई है, जबकि पति गम्भीर रूप से घायल हो गया है। व्यक्ति का नाम मोहन बताया जा रहा है, जो कि झाबुआ का रहने वाला है और यहाँ वाहन चालक का कार्य करता था।

छत गिरने की आवाज़ सुनकर नीचे रहने वाले और आसपड़ोस के लोग मौके पर पहुँचे। गार्डर फर्शी वाले मकान के कमरे के मलबे को हटाने का प्रयास किया। दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस, एसडीएम लक्ष्मी गामड़, तहसीलदार गोपाल सोनी और निगम का अमला मौके पर पहुँचा। क्षेत्रीय रहवासियों की मदद से मलबे में दबे परिवार को निकाला गया और उन्हें एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा गया। जहां महिला और दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। पुरुष गंभीर रूप से घायल है। जिसका उपचार किया जा रहा है। बारिश आने के साथ ही पुराने जर्जर मकानों की सुरक्षा की चिंता भी शुरू हो जाती है। वर्षाजल के रिसाव से मकान कमजोर और खतरनाक अवस्था मे पहुँच जाते है। अब प्रशासन और निगम को ऐसे मकानों को चिन्हित कर आवश्यक कार्यवाही प्रारम्भ कर देनी चाहिए।