अनुकूल पर्यावरण के लिए सतत वृक्षारोपण बहुत जरूरी है – विधायक चैतन्य कश्यप

0

News By – विवेक चौधरी

रतलाम, 25 जून 2020। पर्यावरणीय अनुकूलता की दृष्टि से सतत पौधारोपण नितांत आवश्यक है। मनुष्य जीवन के लिए वृक्षों का महत्व सर्वविदित है। मानवीय जीवन को शुद्ध प्राणवायु एवं स्वस्थ वातावरण देने के लिए वृक्षों की भूमिका सभी जानते हैं। रतलाम के नागरिक इस वर्षा ऋतु में अधिकाधिक पौधारोपण करके पर्यावरण मित्र की भूमिका निभाए। यह उद्गार रतलाम शहर विधायक चैतन्य कश्यप ने 25 जून की प्रातः स्थानीय कालिका माता प्रांगण में वन विभाग की वृक्षमित्र वाहिनी का शुभारंभ करते समय व्यक्त किये। कलेक्टर रुचिका चौहान द्वारा आरंभ किए गए “हर घर हरियाली अभियान” के तहत वृक्षमित्र वाहिनी शहर में भ्रमण कर नागरिकों को विभिन्न प्रकार के पौधे सशुल्क उपलब्ध कराएगी। इस अवसर पर राजेंद्र सिंह लुनेरा, कलेक्टर रुचिका चौहान, पुलिस अधीक्षक गौरव तिवारी, जिला वन मंडल अधिकारी वासु कनोजिया, मनोहर पोरवाल, एसडीएम लक्ष्मी गामड़, तहसीलदार गोपाल सोनी वन विभाग के एसडीओ आर पी गहलोत एवं वन विभाग का अमला उपस्थित था।

विधायक चैतन्य कश्यप ने अपने उद्बोधन में वृक्ष मित्र वाहिनी के आरंभ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि निश्चित रूप से शहर के नागरिक इसका लाभ उठाएंगे। अपने आसपास उपलब्ध रिक्त भूमि पर व्यापक पौधारोपण करके शहर के पर्यावरण को बेहतर और हरा भरा बनाएंगे। इससे शहर की सुंदरता में अभिनव वृद्धि हो सकेगी। कार्यक्रम के प्रारंभ में जिला वन मंडल अधिकारी ने वृक्ष मित्र वाहिनी के संबंध में जानकारी उपलब्ध कराई। विधायक द्वारा फीता काटकर उद्घाटन किया गया एवं अतिथियों ने झण्डा दिखाकर वृक्षमित्र वाहिनी का शुभारंभ किया।