News By – विवेक चौधरी
रतलाम,18 जुलाई 2020। लगता है कि रतलाम जिले पर कोरोना वायरस की वक्र दृष्टि जम गई है। जिले और शहर के विभिन्न जगहों से कोरोना पॉजिटिव मरीजों का पदार्पण हो रहा हैं। कोरोना वायरस ना तो उम्र देख रहा है ना मरीज की सामाजिक पद प्रतिष्ठा। जहाँ हुई जरा सी चूक, और मरीज वायरस के गिरफ्त में। जहाँ जून माह में 30 दिन में 121 नए मरीज मिले थे, वहीं जुलाई माह में यह संख्या मात्र 20 दिन के अंदर ही पहुँच सकती है। क्योंकि आज शनिवार शाम आई कोविड-19 की रिपोर्ट में 13 नए पॉजिटिव के मामले सामने आए है। तथा कुल पॉजिटिव मरीजों की संख्या 272 पहुँच गई है। वैसे आज तक 211 मरीज स्वस्थ हो चुके है तथा 6 मरीजों की ही मृत्यु हुई है। आज के आंकड़ों के पश्चात जिले के 55 पॉजिटिव मरीजों का उपचार चल रहा है। झाबुआ जिले की एक पॉजिटिव महिला का भी उपचार रतलाम में ही चला रहा हैं।
आज शनिवार को रतलाम मेडिकल कॉलेज की लैब द्वारा 526 सैंपल जांच की गई तथा जिला अस्पताल द्वारा 25 सैंपल की जांच की गई। इनसे प्राप्त रिपोर्ट्स में कुल पॉजिटिव सैंपल संख्या 13 आई है। इन 13 मे से रतलाम जिले के 11 सैंपल पॉजिटिव तथा 2 सैंपल इंदौर जिले के पॉजिटिव मरीजों के है। रतलाम शहर में वेद व्यास कॉलोनी के 78 वर्षीय पुरुष तथा वेद व्यास कॉलोनी गली नंबर 4 के 40 वर्षीय पुरुष, डोंगरे नगर की 13 वर्षीय बालिका, एलआईजी अलकापुरी के 66 वर्षीय पुरुष, जेल क्वार्टर परिसर की 70 वर्षीय महिला एवं 61 वर्षीय पुरुष, गौरव पैलेस के 27 वर्षीय पुरुष, बिचला वास के 30 वर्षीय पुरुष पॉजिटिव मिले है। तथा कुम्हार पुरा वार्ड नंबर 10 आलोट की 64 वर्षीय महिला, ताल के वार्ड नंबर 11 की 7 वर्षीय बालिका तथा खेरा वाड़ा के 36 वर्षीय पुरुष की सैंपल रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं कुम्हार खेड़ी इंदौर के 23 वर्षीय तथा 24 वर्षीय पुरुष की सैंपल रिपोर्ट रतलाम में पॉजिटिव पाई गई है।