शहर में पर्यावरण संरक्षण के लिए अनूठी पहल, वृक्षारोपण के साथ साथ सौंदर्यीकरण का भी लक्ष्य! जानिए क्या है यह पहल….

0

News By – विवेक चौधरी

रतलाम, 18 अक्टूबर 2020। कुछ सामाजिक मुद्दे ऐसे होते है जो बिना जनसहयोग के संभव नहीं है। उनमें से एक वर्तमान समय की एक ज्वलंत समस्या है “पर्यावरण संरक्षण”। भौतिकता और आधुनिकता की अंधी दौड़ में ‘व्यक्तिगत सुख सुविधाएं’ अधिकांश व्यक्तियों की प्राथमिकता हो गई है। लेकिन अक्सर ऐसे ही व्यक्ति अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों से अनदेखा करते देखे जाते है। व्यक्ति को अपने स्कूटर कार को छांव में खड़ा रखने के लिए पेड़ तो चाहिए लेकिन वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण में उसका कितना योगदान है यह चिंतनीय प्रश्न है। वातानुकूलित वाहन और घर मे बैठना सभी को पसंद है लेकिन ग्लोबल वार्मिंग की परवाह नहीं है। 24 घण्टे बिजली और जल की आपूर्ति को इच्छुक व्यक्ति इनके संरक्षण में कितना योगदान देता है, यह हर व्यक्ति को अपने आप से पूछना चाहिए। ऐसी विरोधाभासी परिस्थितियों के बावजूद कुछ व्यक्ति एवं संगठन आज भी पर्यावरण संरक्षण में सतत प्रयत्नशील है। रतलाम शहर में भी एक समूह आधुनिक शहरों के प्रतीक फोरलेन सड़को के मध्य वृक्षारोपण कर प्राकृतिक संतुलन का प्रयास कर रहा है।

‘अपना रतलाम – सुंदर रतलाम’ के तहत ‘जागृत नारी संस्था’ की अध्यक्ष सीमा टाक ने बताया कि उनकी संस्था अभियान चलाकर जनभागीदारी से फोरलेन डिवाइडर पर सुंदर पेंटिंग वाले बड़े पात्रों में बड़े पेड़ लगवा रही है। इसी क्रम में सैलाना रोड स्थित पेट्रोल पंप से अलकापुरी तक हरियाली कार्य सम्पन्न किया गया है। इससे डिवाइडर पर वृक्षारोपण तो हुआ है साथ मे सुंदरता भी नज़र आ रही है। संस्था की सीमा टाक ने शहर से सभी नागरिकों को एक एक पौधा लगाने का आहवान किया है। उनका कहना है कि इससे हमारा शहर हरा-भरा और सुंदर दिखेगा। यही उद्देश्य को लेकर अभियान की शुरुआत नगर निगम के मार्गदर्शन में की। सामाजिक एवं राजनैतिक कार्यकर्ता तथा पूर्व पार्षद सीमा टाक के इस अभियान में किशन सिंह तंवर रामलाल राणा, मंगलसिंह पंवार, हरीश लोहिया, आशा सोनी, शीतल वर्मा, आलोक वर्मा, सन्तोष जोशी, अर्चना पालीवाल, सरोज सोलंकी, आर एस केसरी सहित अन्य लोगो का भरपूर सहयोग मिल रहा है। उन्हें आशा है कि उनके इस प्रयास से अन्य लोगो को भी इसी तरह का कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।