News By – विवेक चौधरी
रतलाम, 14.12.2020। सोमवार को रतलाम रेल मंडल से संबंधित सांसदों एवं राज्यसभा सांसदों के साथ एक ऑनलाइन बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक आलोक कंसल द्वारा सांसदों के साथ विभिन्न यात्री सुविधाओं से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की गई। पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल पर वर्तमान में चल रही एवं भावी परियोजनाओं के बारे में विचार विमर्श किया गया।
इस बैठक में राज्यसभा सांसद एवं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री भारत सरकार थावरचंद गेहलोत, सांसद मंदसौर सुधीर गुप्ता, सांसद चित्तौड़गढ़ सी.पी. जोशी, सांसद उज्जैन अनिल फिरोजिया, सांसद देवास महेन्द्र सिंह सोलंकी, सांसद इंदौर शंकर लालवानी, सांसद रतलाम झाबुआ गुमानसिंह डामोर, सांसद भोपाल साध्वी प्रज्ञासिंह ठाकुर वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। बैठक के आरंभ में महाप्रबंधक पश्चिम रेलवे आलोक कंसल ने कहा कि रेलवे की यात्री सुविधाओं के विकास एवं क्रियान्वयन में संबंधित सांसदो का काफी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। कोरोना महामारी के दौरान रेलवे द्वारा अपने यात्री एवं माल परिवहन दायित्वों के साथ ही साथ सामाजिक दायित्वों को भी काफी प्रमुखता के साथ निभाया गया। रेलवे द्वारा वर्ष 2020-21 के दौरान नवम्बर, 2020 तक 53 मीट्रिक टन माल का लदान किया गया। इस दौरान लगभग 735 पार्सल स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया गया, जिससे 100 करोड़ रुपए राजस्व मंडल को प्राप्त हुए है।
पश्चिम रेलवे का प्रथम किसान रेल की शुरूआत रतलाम मंडल से की गई है तथा वर्तमान में रतलाम एवं लक्ष्मीबाई नगर से इसका परिचालन किया जा रहा है। लॉकडाउन के दौरान पश्चिम रेलवे द्वारा 1234 श्रमिक स्पेशल गाडि़यों का परिचालन कर लाखों श्रमिकों का परिवहन किया गया। माल परिवहन हेतु ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए मुख्यालय एवं मंडल स्तर पर बिजनस डेवलपमेंट यूनिट का गठन किया गया है, जिससे माल लदान में बढ़ोतरी हुई है। वर्तमान में रतलाम मंडल से 17 जोड़ी गाड़ियों की शुरूआत एवं 48 जोड़ी गाडियाँ मंडल के विभिन्न स्टेशनों से होकर गुजर रही है।
बैठक की अध्यक्षता के लिए सांसदों द्वारा सुधीर गुप्ता सांसद मंदसौर को नामित किया गया। रतलाम मंडल रेल प्रबंधक विनीत गुप्ता द्वारा रतलाम मंडल पर वर्ष 2019-20 एवं कोविड -19 के दौरान किए गए कार्यों का पावर पाईंट प्रजेंटेशन के माध्यम से सांसदों को बताया गया। बैठक के दौरान सांसदों द्वारा अपने-अपने संसदीय क्षेत्र के अधीन आने वाले स्टेशनों पर यात्री सुविधा एवं अधोसंरचनात्मक विकास से संबंधित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। जिसमें इंदौर दाहोद नई लाइन कार्य को पुन: आरंभ करवाने, अलिराजपुर-जोबट के मध्य नई रेल लाइन कार्य को शीघ्रता से करने, नीमच- बड़ी सादड़ी नई लाइन कार्य को आरंभ करवाने, मंदसौर, नीमच स्टेशन को आदर्श स्टेशन की कल्पना के अनुसार विकास करने के लिए भूमि अधिग्रहण का प्रस्ताव स्थानीय प्रशासन को भेजने, अंडर ब्रिजों में बारिश का पानी भर जाने की समस्या के उचित निराकरण करने, रतलाम नीमच दोहरीकरण कार्य आरंभ करवाने, धौसवास गुड्स शेड में सुरक्षा के सभी मानकों के साथ कवरशेड का निर्माण करवाने तथा गुड्स शेड आरंभ करने से पूर्व स्थानीय व्यापारियों से चर्चा करने, उज्जैन फतेहाबाद आमान परिवर्तन कार्य को पूर्ण कर उस मार्ग से गाडियाँ चलाने, उज्जैन के प्लेटफार्म क्रमांक 08 पर एस्केलेटर लगाने, 2028 सिंहस्थ को ध्यान में रखकर मास्टर प्लान बनाकर उज्जैन के आस-पास के स्टेशनों का विकास करने, खाचरोद में पार्सल कोटा उपलब्ध करवाने, इंदौर पुणे एक्सप्रेस का खाचरोद स्टेशन पर पुन: ठहराव देने, राजधानी एक्सप्रेस का नागदा स्टेशन पर ठहराव देने, इंदौर उदयपुर वीरभूमि एक्सप्रेस को आरंभ करने, सीहोर स्टेशन पर इंदौर जबलपुर स्पेशल एक्सप्रेस, इंदौर हावड़ा स्पेशल एक्सप्रेस, इंदौर भोपाल स्पेशल एक्सप्रेस का ठहराव देने, सीहोर स्टेशन पर 100 फिट ऊँचा राष्ट्रध्वज लगवाने, सीहोर स्टेशन का सौंदर्यीकरण करवाने एवं स्टेशन पर कोच डिस्प्ले बोर्ड लगवाने, इंदौर दाहोद नई रेल लाइन हेतु टीही के पास बनने वाले सुरंग के कार्य को जारी रखने, स्टेशनों पर दिव्यांगों के लिए शौचालय की उचित व्यवस्था करने, बिंजाना स्टेशन पर गुड्स शेड का निर्माण करने आदि महत्वपूर्ण मुद्दे शामिल रहे।
रतलाम मंडल रेल प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि इसके अतिरिक्त केन्द्रीय मंत्री थावरचंद गेहलोत एवं अन्य सांसदों ने एक स्वर में रेलवे की परियोजनाओं को यथाशीघ्र पूर्ण करने एवं किसी प्रकार की प्रशासनीक समस्या आने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर निदान करने के बारे में चर्चा की एवं महाप्रबंधक पश्चिम रेलवे द्वारा सांसदों द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों पर सकारात्मक एवं शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। इस वर्चुअल बैठक में विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष भी शामिल हुए। बैठक का संचालन उपमहाप्रबंधक (सामान्य) पश्चिम रेलवे द्वारा किया गया।



