जिले में किसान सम्मेलनों का आयोजन 18 दिसंबर को, कल्याणकारी योजनाओं से किसान होंगे लाभान्वित

0

News by- नीरज बरमेचा 

रतलाम 17 दिसंबर 2020/ रतलाम जिले में भी राज्य शासन के निर्देशानुसार 18 दिसंबर को किसान सम्मेलनों का आयोजन किया जा रहा है। जिला स्तर के अलावा जनपद तथा ग्राम पंचायत स्तर पर भी किसान सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। रतलाम मुख्यालय पर स्थानीय विधायक सभागृह बरबड रोड पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा जहां लगभग 1000 किसान सम्मिलित होंगे। कलेक्टर गोपालचंद्र डाड ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विभिन्न अधिकारियों को दायित्व सौपे हैं, कार्यक्रम के नोडल अधिकारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत बनाए गए हैं।

किसान सम्मेलनों का आयोजन राजस्व तथा कृषि विकास विभाग द्वारा किया जा रहा है। इस दौरान किसान कल्याण कृषि विकास विभाग, उद्यानिकी विभाग के अलावा अन्य विभागों की योजनाओं से भी किसानों को लाभान्वित किया जाएगा। साथ ही जैविक खेती के संबंध में किसान प्रशिक्षित भी किए जाएंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान द्वारा राज्य स्तरीय कार्यक्रम से दिए जाने वाले उद्बोधन का लाइव प्रसारण भी किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर 12:00 बजे से आरंभ होंगे।

कलेक्टर डाड द्वारा कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक कानून व्यवस्था के लिए एसडीएम रतलाम शहर अभिषेक गहलोत को दायित्व सौंपा गया है। उपसंचालक कृषि, सहायक संचालक उद्यानिकी तथा तहसीलदार रतलाम शहर एवं ग्रामीण को अपने क्षेत्र के हितग्राहियों को कार्यक्रम स्थल पर लाने ले जाने की व्यवस्था का दायित्व सौंपा गया है। उपसंचालक कृषि को कार्यक्रम स्थल पर मंच बैकड्राप आदि व्यवस्था का दायित्व सौंपा गया है। आयुक्त नगर निगम को कार्यक्रम की व्यवस्था, सैनिटाइजेशन, साफ-सफाई, मास्क, पेयजल, हाथ धुलाई व्यवस्था, फायर ब्रिगेड आदि दायित्व सौपे गए हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को कार्यक्रम में उपस्थितजनों की स्क्रीनिंग के लिए चिकित्सा दल, एंबुलेंस आदि की व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं। अन्य अधिकारियों को भी विभिन्न दायित्व सौपे गए हैं।