पहले ही दिन बडी संख्या में नागरिक धोलावाड पहुंचे, रोमांचक एवं साहसिक खेलों का लुत्फ उठाया

0

News by- नीरज बरमेचा

  • विधायक चेतन्य काश्यप, दिलीप मकवाना ने महोत्सव की व्यवस्थाओं का जायजा लिया

रतलाम 25 दिसम्बर 2020/ जिला प्रशासन द्वारा धोलावाड ईको टूरिज्म पार्क में आयोजित पर्यटन महोत्सव का आगाज शुक्रवार को हुआ। पहले ही दिन बडी संख्या में रतलाम तथा अन्य स्थानों के नागरिक बडी संख्या में धोलावाड पहुंचे। रोमांचक एवं साहसिक खेलों का लुत्फ उठाया। नागरिक अपने परिवार सहित धोलावाड पहुंचे, सबका उत्साह देखते ही बनता था।

इस अवसर पर विधायक रतलाम चेतन्य काश्यप, ग्रामीण विधायक दिलीप मकवाना, कलेक्टर गोपालचन्द्र डाड, पूर्व विधायक संगीता चारेल, शैलेन्द्र डागा, मनोहर पोरवाल, बजरंग पुरोहित, डा. विजय चारेल, परियोजना अधिकारी शहरी विकास अभिकरण निशीकांत शुक्ला, सहायक अधिकारी अरुण पाठक भी उपस्थित थे।

विधायक काश्यप तथा मकवाना ने जिला प्रशासन द्वारा धोलावाड पर्यटन महोत्सव के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा टेंट कैपिंग देखी। काश्यप ने सफल आयोजन के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

धोलावाड में प्रकृति के सान्निध्य में रोमांचक खेलों का आनन्द उठाने के लिए पहुंचे नागरिकों द्वारा भी अपूर्व उत्साह के साथ साहसिक खेलों का लुत्फ उठाया गया। बच्चों ने परिवार के साथ मोटर बोट में भ्रमण किया। तीरंदाजी प्रक्षेत्र में तीरों से निशाने साधे। प्राकृतिक क्षेत्र में साइकलिंग के अंदाज दिखाए। पेडों के मध्य मंकी क्राल का आनन्द लिया। बच्चों के लिए वाटर जार्बिंग बाल से पानी पर लुढकने का अपना अलग ही मजा था। बच्चों की खुशी देखते ही बनती थी।

धोलावाड में आईलेड पर टेंट कैंपिंग के लिए बनाए गए वीआईपी तथा साधारण टेंट व्यवस्था का भी अवलोकन विधायक चेतन्य काश्यप द्वारा किया गया। पर्यटन महोत्सव में आने वाले व्यक्तियों के लिए न्यूनतम शुल्क पर स्वादिष्ट दाल-पानिये की भोजन व्यवस्था भी की गई है जिसका लुत्फ भी शुक्रवार को लोगों ने सपरिवार उठाया। शुक्रवार से आरम्भ हुआ धोलावाड पर्यटन महोत्सव आगामी 5 जनवरी तक मनाया जाएगा।