प्रकृति के सानिध्य में रोमांच के लिए हो जाइए तैयार…

0

News by- नीरज बरमेचा 

  • धोलावाड़ में पर्यटन महोत्सव का शुभारंभ 25 दिसंबर से

रतलाम 25 दिसम्बर 2020/ आमजन को प्रकृति के सानिध्य में रोमांच देने के लिए धोलावाड़ इको टूरिज्म पार्क `पर्यटन महोत्सव’ के लिए तैयार हो गया है। धोलावाड़ में पर्यटन महोत्सव का शुभारंभ 25 दिसंबर को किया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा 5 जनवरी तक आयोजित किए जाने वाले पर्यटन महोत्सव के दौरान विभिन्न साहसिक एवं रोमांचकारी गतिविधियां आयोजित होने वाली है। इस दौरान न केवल पानी पर मन को प्रफुल्लित करने वाली गतिविधियों का आनंद उठाया जा सकेगा, अपितु आईलैंड पर टेंट कैंपिंग, वैली क्रॉसिंग, तीरंदाजी, साइकिलिंग जैसे रोमांचकारी एवं साहसिक खेलों का आनंद भी ले सकेंगे।

पर्यटन महोत्सव के लिए सभी तैयारियां पूर्ण की जा चुकी हैं। कलेक्टर श्री गोपालचन्द्र डाड द्वारा सम्पूर्ण अवधि के लिए व्यवस्थाओं को सुचारू रुप से सम्पन्न कराने हेतु अधिकारियों तथा कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है। महोत्सव में विभिन्न गतिविधियों के लिए न्यूनतम शुल्क निर्धारित किया गया है। आइलैंड पर वीआईपी टेंट कैंपिंग तथा साधारण टेंट कैंपिंग व्यवस्था की गई है। वीआईपी टेंट कैंपिंग में अधिकतम दो व्यक्तियों के लिए 5000 रूपए प्रति टेंट शुल्क निर्धारित किया गया है। इसके  पैकेज में चाय, नाश्ता, भोजन एवं पार्क की गतिविधियां शामिल है। सामान्य टेट कैंपिंग का शुल्क 2000 रूपए एक व्यक्ति, 2500 रूपए दो व्यक्ति तथा 3000 रूपए तीन व्यक्तियों के लिए शुल्क निर्धारित किया गया है। इस पैकेज में भी चाय, नाश्ता, भोजन एवं पार्क की गतिविधियां शामिल है।

पर्यटन महोत्सव के दौरान रोमांचक गतिविधियों का आनंद न्यूनतम शुल्क पर निर्धारित लिया जा सकेगा। वाटर स्कूटर 100 रूपए, बोट राइड, बनाना राइड, वाटर जॉर्बिग बॉल, वेली क्रासिंग, माउंटेन बाइकिंग, तीरंदाजी, पेंट बाल का आनंद मात्र 50 रूपए में लिया जा सकेगा, साइकिलिंग, मंकी क्रॉल 20 रूपए, बैलेंस द रोप तथा टायर क्रॉल के लिए मात्र 10 रूपए शुल्क रहेगा। पार्क में उपलब्ध कराई जाने वाली भोजन सुविधा के लिए 150 रुपए प्रति व्यक्ति शुल्क रहेगा। पार्क में प्रवेश के लिए प्रति व्यक्ति 10 रूपए शुल्क देना होगा। पार्किंग व्यवस्था में चार पहिया वाहन के 20 रूपए तथा बस, मिनी बस के लिए 50 रूपए देना होंगे।