- सीएमएचओ, सिविल सर्जन, डीपीएम, जिला मलेरिया अधिकारी और अन्य स्टाफ ने दूसरा टीका लगवाया गया
रतलाम 22 फरवरी 2021/ रतलाम जिले में सोमवार को कोविड-19 टीकाकरण की दूसरी खुराक इंजेक्शन के रूप में दी जाना शुरू कर दी गई है। सीएमएचओ डॉ. प्रभाकर ननावरे, डीपीएम डॉ. अजहर अली, सिविल सर्जन डॉ. आनंद चंदेलकर, जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. प्रमोद प्रजापति, लेखापाल नवीन नागर, स्टाफ नर्स तथा अन्य अधिकारी, कर्मचारियों ने कोविड-19 टिका लगवाया।
टीकाकरण के दौरान कुल 144 अधिकारी, कर्मचारियों को बाल चिकित्सालय और मेडिकल कॉलेज में दूसरा टीका लगाया गया। वहीं रतलाम शहर के पुराना कलेक्टरेट और रेलवे हॉस्पिटल में नए फ्रंटलाइन वर्कर को पहला टीका लगाया गया। पहला टीका लगवाए गए कुल कर्मचारियों की संख्या 102 रही। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ननावरे ने टीकाकरण के बाद भी नियमित रूप से मास्क लगाने अपने हाथ धोने और 2 गज की दूरी का पालन करने की सलाह दी है।
कोविड-वैक्सीनेशन में छूटे कर्मियों का शीघ्र वैक्सीनेशन कराने के निर्देश कलेक्टर द्वारा दिए गए
रतलाम 22 फरवरी 2021/ जिले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा किए जा रहे कोविड-वैक्सीनेशन कार्य की समीक्षा कलेक्टर श्री गोपालचंद्र डाड द्वारा एक बैठक में की गई। उन्होंने निर्देश दिए कि राजस्व विभाग के जो भी कर्मी टीकाकरण से छूटे हुए हैं, उनको वैक्सीनेशन सेंटर पर लाया जाकर टीका लगवाया जाए।
आलोट क्षेत्र की जानकारी में बताया गया कि अधिकांश राजस्वकर्मियों द्वारा टीका लगवा लिया गया है। कोटवारों का टीकाकरण बाकी है। रतलाम शहर तथा रतलाम ग्रामीण क्षेत्र के 251 राजस्वकर्मियों को टीका नहीं लगा है। जावरा में भी नगरपालिका तथा राजस्व विभाग के कुछ कर्मियों का टीकाकरण नहीं हुआ है। बाजना क्षेत्र में भी शत-प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य पूरा नहीं हुआ है।
सीएमएचओ द्वारा स्वास्थ विभाग अंतर्गत सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों की समीक्षा
रतलाम 22 फरवरी 2021/ रतलाम जिले के सीएमएचओ डॉ. प्रभाकर ननावरे ने विगत शनिवार को समस्त विकासखंड के बीएमओ शाखा प्रभारी एवं डाटा एंट्री ऑपरेटर की उपस्थिति में सीएम हेल्पलाइन के अंतर्गत समस्त लंबित प्रकरणों की समीक्षा की।
सीएमएचओ ने निर्देशित किया कि किसी भी स्थिति में कोई भी शिकायत नॉन अटेंडेड ना रहे। हर शिकायत में संबंधित एल 1 अधिकारी शिकायतकर्ता से चर्चा करें एवं संतुष्टिपूर्वक निराकरण करना सुनिश्चित करें। समीक्षा के दौरान अधिकांश शिकायतें जननी सुरक्षा योजना एवं मुख्यमंत्री प्रसूति सहायता सेवा योजना के अंतर्गत पाई गई। सीएमएचओ ने निर्देशित किया कि गर्भवती महिलाओं के गर्भावस्था के दौरान ही उनका खाता नंबर और आईएफएससी कोड प्राप्त कर लिया जाए तथा समस्त प्रसव केंद्रों में प्रसूता के भर्ती रहने के दौरान आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर लिए जाएं। आवेदिका से समग्र आईडी एवं खाता नंबर के दस्तावेज प्राप्त करके भुगतान संबंधी कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर तय की जाए।
सीएमएचओ ने कहा कि समस्त गर्भवती माताओं के अनमोल एप में प्रविष्टि के समय समग्र आईडी में उल्लेखित नाम ही दर्ज किया जाए ताकि किसी भी प्रकार की विसंगति से बचा जा सके। उन्होंने सभी अधिकारियों को प्रतिदिन सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों में की गई प्रगति की जानकारी से अवगत कराने के निर्देश दिए।





