- कोरोना टीकाकरण के लिए सीनियर सिटीजन में देखा गया अपूर्व उत्साह
रतलाम 03 मार्च 2021/ रतलाम जिले में भी कोरोना के टीके लगाए जाने का कार्य द्रुतगति से जारी है। बुधवार को रतलाम में कोरोना का टीका लगाने के लिए वरिष्ठजनों में अपूर्व उत्साह देखा गया। सुबह 8:00 बजे से ही टीकाकरण के इच्छुकजनों की कतार लगना शुरू हो गई थी।
बुधवार को बाल चिकित्सालय के टीकाकरण केंद्र पर 500 व्यक्तियों को टीका लगाए जाने का लक्ष्य था लेकिन शाम तक 700 व्यक्तियों को टीके लगाए जा चुके थे। मेडिकल कॉलेज में 360 व्यक्तियों ने टीका लगवाया। जिले में कुल 10 केंद्रों पर टीकाकरण सत्र आयोजित किए गए। बुधवार को जिले में कुल 1974 व्यक्तियों को टीके लगाए गए। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रभाकर ननावरे ने बताया कि वृद्धजनों को कोई दिक्कत नहीं हो, इसके लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकतम 15 मिनट में वृद्धजनों का टीकाकरण सुनिश्चित किया गया है, इसके बाद 30 मिनट विश्राम कराया जाता है।
पूर्व मंत्री धूलजी चौधरी ने भी कोरोना का टीका लगवाया
बुधवार को पूर्व मंत्री धूलजी चौधरी ने भी कोरोना का टीका लगवाया। 86 वर्षीय चौधरी ने गृह ग्राम मुंदड़ी से आकर बाल चिकित्सालय स्थित टीकाकरण केंद्र पर टीका लगवाया।

जिले की 12 स्वास्थ्य संस्थाओ में 4 मार्च को कोरोना का टीका लगाया जाएगा
रतलाम 03 मार्च 2021/ सीएमएचओ डॉ. प्रभाकर ननावरे ने बताया कि रतलाम जिले में कोविड 19 टीकाकरण के लिए 4 मार्च को होने वाले सत्रों के लिए 12 स्वास्थ्य संस्थाऐं चिन्हित की गई है। इसके अंतर्गत रतलाम शहर में मेडिकल कॉलेज, बाल चिकित्सालय, एवं दो निजी हास्पिटल में टीके लगाए जाऐंगे। जिले के सिविल अस्पताल आलोट, सिविल अस्पताल जावरा तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सैलाना, पिपलोदा, बाजना, खारवाकलां, ताल, नामली में सत्र आयोजित किए जाऐंगे। सभी 12 स्थानों पर 45 से 59 वर्ष के मार्बिडिटी के लोग तथा 60 वर्ष से अधिक आयु का कोई भी व्यक्ति अपना जन्म दिनांक दर्शाने वाला आईडी लेकर सीधे टीकाकरण सत्र स्थल पर आकर टीका लगवा सकते हैं। शहरी क्षेत्र में प्रति सत्र स्थल अधिकतम 500 व्यक्ति तथा अन्य स्थानों पर अधिकतम 350 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सभी हितग्राही एडवांस बुकिंग अथवा सीधे ऑन स्पाट टीकाकरण करवा सकते है। रेलवे हॉस्पिटल में मात्र सेकंड डोज का ही टीकाकरण किया जाएगा।



