दो दिन में दो पार्टियों के दो बड़े नेताओं के आगमन से शहर की राजनीति में हुई हलचल….

0

News By – नीरज बरमेचा & विवेक चौधरी

  • 4 मार्च को काँग्रेस के बड़े नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव रतलाम आए
  •  उनके साथ दिल्ली सीमाओं पर चल रहे किसान आंदोलन के नेता गुरनाम सिंह चढूनी का भी रतलाम आगमन हुआ
  • आज (5 मार्च) भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं खजुराहो सांसद वी डी शर्मा का भी होगा आगमन

रतलाम। 4 और 5 मार्च के क्रमशः कांग्रेस और भाजपा के प्रदेश शीर्ष नेताओं के आगमन से शहर की राजनीति में हलचल पैदा हो गई है। गुरुवार 04 मार्च को काँग्रेस के बड़े नेता प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव का रतलाम आगमन हुआ। साथ ही दिल्ली की सीमाओं पर चल रहे किसान आन्दोलन के नेता गुरुनाम सिंह चढूनी भी रतलाम आये। इनके सहित पूर्व सांसद एवं पूर्व प्रदेश काँग्रेस अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया इत्यादि अन्य नेताओं की मौजूदगी में किसान महापंचायत का आयोजन ग्राम डेलनपुर में किया गया। इन नेताओं की मौजूदगी भी किसानों को आशानुरूप आकर्षित नहीं कर पाई। किसानों की कम उपस्थिति से सभास्थल का पाण्डाल पूरी तरह भर नहीं पाया। कार्यक्रम का संचालन कांग्रेस नेता डीपी धाकड ने किया। किसान पंचायत में आलोट विधायक मनोज चावला, सैलाना विधायक हर्षविजय गेहलोत, जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश भरावा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेन्द्र कटारिया, सहित अनेक कांग्रेस नेता मौजूद थे। कार्यक्रम में ट्रैक्टर ट्रॉली पर मंच बनाया गया। तथा सभी वक्तागण नीचे श्रोताओं के साथ बैठे।

पहली बार मीडिया से दूरी बनाते दिखाई दिए दिग्विजय सिंह 

आयोजन के पीछे मुख्य पार्टी काँग्रेस ही थी लेकिन उन्होंने इस गैरराजनीतिक आयोजन बताकर झण्डे बैनर्स से परहेज किया। वक्ताओं ने राहुल गाँधी की तर्ज़ पर चलते हुए अम्बानी अडानी और बाबा रामदेव को कोसा, स्वामीनाथन आयोग की सिफारिश लागू करने की मांग की और कृषि बिल को काला कानून बताया। आयोजन के पूर्व स्थानीय सर्किट हाउस पर पत्रकारों से मुखाबित होकर भी दिग्विजयसिंह अधिक कुछ नहीं बोले। उन्होंने आयोजन को गैरराजनीतिक बताया और पत्रकारों के सवालों से कन्नी काट गए।

वहीं दूसरी ओर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा का 05 मार्च को शहर आगमन हो रहा है। देर रात को प्राप्त संशोधित जानकारी के अनुसार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष प्रातः 9:30 से 10:00 के बीच बंजली हवाई पट्टी, रतलाम पर हेलीकाप्टर से पहुंचेंगे। भाजपा के जिला पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं प्रमुख कार्यकर्ता हेलीपेड पर उनकी आगवानी करेंगे, तथा बंजली सेजावता बायपास मार्ग से कलेक्टर कार्यालय से आगे पहुँचेंगे। जहाँ पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किया जाएगा। तत्पश्चात दिलबहार चोराहे पर उनका स्वागत अभिनंदन होगा और वहाँ से पार्टी कार्यकर्ताओ के साथ रैली के रूप मे विश्रामगृह पर पहुंचेगे। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुबह 11.30 बजे बजे महू रोड़ स्थित एक होटल मे पार्टी के प्रमुख वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करेंगे। दोपहर 12.30 बजे जिला भाजपा मंडल अध्यक्षों की बैठक मे अपना मार्गदर्शन देगे। तत्पश्चात वे दोपहर 2 बजे पत्रकारों से चर्चा करेगे। दोपहर 3.00 बजे स्थानीय रंगोली सभागृह मे भाजपा बूथ अध्यक्षों से चर्चा करेंगे और शाम 4 बजे भाजपा नगर मंडल के पदाधिकारियों से औपचारिक भेंट करेंगे। शाम 4.30 बजे स्थानीय सजन प्रभा मे विद्वत जनों के सम्मेलन को संबोधित करेंगे। विष्णुदत्त शर्मा शाम 5.30 बजे बरबड़ रोड़ स्थित एक मांगलिक भवन पर सोशल मीडिया वाॅरियर्स मीट मे भाग लेगे।

टिकिट पक्के करवाने के चक्कर…

जहाँ काँग्रेस का आयोजन बिना झण्डे बैनर्स के साथ फीका फीका रहा वहीं भाजपा के कार्यक्रम के लिए भाजपा नेताओं में उत्साह नज़र आया। नगर निकाय के चुनाव के मद्देनजर स्थानीय नेताओं ने सड़क चौराहों को झण्डे बैनर और पोस्टर्स से भर दिया। इनमें से अधिकांश टिकिट के दावेदार ही है, जो अपने टिकिट पक्के करवाने के चक्कर मे है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के रतलाम प्रवास के समय भी यही स्थिति थी।

एक युवा भाजपा नेता के पोस्टर्स में उनके गुट के नेता का फोटो छोटा और नगर विधायक का फ़ोटो बड़ा नज़र आया। संभवतः यह “हृदय परिवर्तन” अथवा चुनावी जोड़तोड़ हो सकता है। बहरहाल शनिवार को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा के आगमन के पश्चात ही पता चलेगा कि “किसकी चली और किसकी कटी”