रतलाम। पंजाब में पिछले दिनों चल रहे किसान आंदोलन के कारण पश्चिम रेलवे की कुछ विशेष ट्रेनें प्रभावित होने के कारण शॉर्ट टर्मिनेट अथवा परिवर्तित मार्ग से परिचालित की जा रही थी। 11 मार्च, 2021 को किसानों द्वारा रेल पटरियों को खाली करने के कारण अब ये सभी ट्रेनें अपने निर्धारित मार्ग पर चलेगी तथा एवं अपने निर्धारित गंतव्य स्टेशन तक जाएगी। किसानों के धरना हटा लेने के बाद अब अमृतसर-दिल्ली रेलवे ट्रैक पर वाया ब्यास यात्री ट्रेनों का आवागमन जल्द शुरू हो जाएगा। वर्तमान में अमृतसर-दिल्ली ट्रैक से होकर गुजरने वाली ट्रेनों को वाया तरनतारन चलाया जा रहा है। इससे यात्रियों के सफर में एक से डेढ़ घंटे का ज्यादा समय लग रहा था। आंदोलनकारी किसानों का कहना है कि उन्होंने यह फैसला गेहूं की फसल की कटाई और धान की रोपाई को देखते हुए लिया है।



