News By – नीरज बरमेचा
कोरोना संक्रमण के तेज़ी से फैलते संक्रमण में उपचार व्यवस्था सहित अन्य कार्यो के उद्देश्य से संभागायुक्त के रतलाम आगमन की सूचना देना जिला प्रशासन ने प्रेस मीडिया के साथ साझा करना उचित ही नहीं समझा। क्या अव्यवस्थाओं और आलोचनाओं से घिरे जिम्मेदारों को भय था कि मीडिया के कठिन सवालों से संभागायुक्त के सामने उनकी पोल ना खुल जाए? अन्यथा ऐसी क्या मजबूरी थी शहर में एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक अधिकारी कोविड के मौजूदा हालात की समीक्षा करने आया और उससे स्थानीय मीडिया को मिलने नहीं दिया गया|
https://chat.whatsapp.com/HVVRTQbOliS9N5lbLifbSs
न्यूज़ इंडिया 365 के व्हाट्सएप ग्रुप में जुड़ने और महत्वपूर्ण समाचारों के साथ अपने को अपडेट रखने के लिए, ऊपर दी गई लिंक पर क्लिक करे।
आप स्वयं जुड़े और अपने मित्रों साथियों को भी जोड़े
- उज्जैन संभाग कमिश्नर ने मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया
रतलाम 12 अप्रैल 2021/ जनसंपर्क विभाग रतलाम द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार उज्जैन संभाग कमिश्नर संदीप यादव ने शासकीय मेडिकल कॉलेज रतलाम में कोविड-19 के तहत उपचार के लिए की गई व्यवस्थाओं का अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर गोपालचंद्र डाड, जिला पुलिस अधीक्षक गौरव तिवारी, मेडिकल कॉलेज डीन डॉ. शशि गांधी, अधीक्षक डॉ. जितेंद्र गुप्ता, एसडीएम अभिषेक गेहलोत, डिप्टी कलेक्टर शिराली जैन सहित संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
कमिश्नर यादव ने अस्पताल की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि यहां भर्ती मरीजों को सभी सुविधाएं प्राप्त हो एवं उनके परिजनों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इस बात का ध्यान रखा जाए। मरीजों की अधिकता के अनुसार यदि अतिरिक्त बेड की आवश्यकता हो तो समय पूर्व उसकी व्यवस्था कर ली जाए। मेडिकल कॉलेज में दवाइयों की उपलब्धता और ऑक्सीजन सिलेंडर की व्यवस्थाओं को भी पर्याप्त रखा जाए। इस दौरान मेडिकल कॉलेज डीन ने उन्हें व्यवस्थाओं संबंधित जानकारी दी।
वार्ड का अवलोकन किया, परिजनों से चर्चा की
कमिश्नर यादव ने कोविड-19 के तहत उपचार मरीजों के वार्ड का अवलोकन किया तथा वहां की व्यवस्थाओं संबंधी आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने मेडिकल कॉलेज के बाहर प्रतीक्षा स्थल पर मौजूद मरीजों के परिजनों से भी चर्चा की। परिजनों ने व्यवस्थाओं संबंधी आवश्यक सुझाव दिए, जिनके संबंध में मेडिकल कॉलेज डीन को निर्देशित किया गया। कमिश्नर यादव ने कहा कि परिजनों को भर्ती मरीजों संबंधी जानकारी स्पष्ट रूप से दी जाती रहे ताकि उन्हें भी संतोष रहे कि उनके परिजनों का उपचार ठीक तरह चल रहा है। उन्होंने परिजनों से भी अपेक्षा की कि वे भी संयम बनाकर रखें और चिकित्सकों द्वारा समय-समय पर दी जा रही जानकारी को प्राप्त करें और उनका सहयोग करें।
वैक्सीनेशन सेंटर का भी निरीक्षण किया
इससे पूर्व कमिश्नर यादव ने विरियाखेड़ी स्थित श्री गुरुनानक भवन वैक्सीनेशन सेंटर पर पहुंचकर वैक्सीनेशन कार्य का अवलोकन किया। उन्होंने यहां मौजूद लोगों से टीकाकरण के लिए अन्य परिजनों, परिचितों को भी प्रोत्साहित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के सभी लोगों को वैक्सीनेशन करवाना है। कमिश्नर यादव ने इससे पूर्व ई-दक्ष केंद्र में स्थित जिला कंट्रोल रूम का भी अवलोकन किया। कंट्रोल रूम पर संधारित की जा रही जानकारी और नागरिकों को यहाँ मौजूद अमले द्वारा प्रदान की जा रही सूचनाओं संबंधी जानकारी प्राप्त की।




