मात्र 336 रेमडीसीवीर इंजेक्शन लेने हवाईपट्टी पहुँचा जिले का प्रशासनिक अमला, जनता की सेवा का “एक्शन” या मुख्यमंत्री की घोषणा पर “रिएक्शन”?

0

News By – नीरज बरमेचा & विवेक चौधरी 

रतलाम 15 अप्रैल 2021/ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की बड़ी घोषणा के पश्चात कोविड-19 के उपचार में प्रयुक्त होने वाले रेमडीसीवीर इंजेक्शन की एक खेप आज रतलाम के बंजली हवाईपट्टी पर विशेष हेलीकॉप्टर से पहुँची। जिसे लेने के लिए जिले का प्रशासनिक अमला दोपहर 1:15 बजे हवाईपट्टी पर पहुँचा। कलेक्टर गोपालचंद्र डाड एवं मेडिकल कॉलेज डीन डा. शशि गांधी ने रेमडेसिविर के 7 बॉक्स प्राप्त किए। बाकायदा फ़ोटो खिंचवाए गए। रतलाम के लिए प्रदान किए गए इन सात बॉक्स में 336 रेमडेसिविर इंजेक्शन थे। हवाईपट्टी पर जिला पुलिस अधीक्षक गौरव तिवारी, एडीएम जमुना भिड़े, एडिशनल एसपी सुनील पाटीदार, सीएसपी हेमंत चौहान सहित मेडिकल कॉलेज के अधिकारी उपस्थित थे।

बड़ा प्रश्न यह है कि यह जनता की सेवा का “एक्शन” था या मुख्यमंत्री की घोषणा पर “रिएक्शन”? क्योंकि अधिकारी चाहते तो कोई एक वरिष्ठ प्रतिनिधि इसे ग्रहण कर सकता था और अन्य सभी मिलकर हवाईपट्टी के सामने स्थित मेडिकल कॉलेज में भर्ती मरीजों के परिजनों से मिलकर उनका दुखदर्द बाँट सकते थे। व्यवस्था को कैसे और अच्छा किया जा सकें इस पर जमीनी कार्य किया जा सकता था। बहरहाल कुछ रेमडेसिविर इंजेक्शन रतलाम पहुँचे, इसका लाभ कोरोना मरीजों को मिलेगा। देखना दिलचस्प यह होगा कि आने वाले समय मे इसकी आपूर्ति कैसे सुचारू रूप से रहे। इसकी कमी ना होने पाए। इसके अतिरिक्त ऑक्सिजन की कमी दूर करना भी एक बड़ा लक्ष्य है क्योंकि शहर और जिले में ऐसे अनेक मरीज है जो कोविड पॉजिटिव तो नहीं है लेकिन उन्हें ऑक्सिजन की आवश्यकता होती है। ऑक्सिजन की किल्लत में उन्हें भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।


https://chat.whatsapp.com/HVVRTQbOliS9N5lbLifbSs
न्यूज़ इंडिया 365 के व्हाट्सएप ग्रुप में जुड़ने और महत्वपूर्ण समाचारों के साथ अपने को अपडेट रखने के लिए, ऊपर दी गई लिंक पर क्लिक करे।
आप स्वयं जुड़े और अपने मित्रों साथियों को भी जोड़े