News By – विवेक चौधरी
रतलाम। (गुरुवार) प्रशासन के नए फरमान के अनुसार रतलाम शहर में 22 मई से ई-पास सिस्टम लागू किया जाएगा। जिला प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार रतलाम शहर में आगामी 22 मई से ई-पास सिस्टम लागू होगा, बगैर पास के कोई भी व्यक्ति शहर में इधर-उधर घूम नहीं सकेगा, आ-जा नहीं सकेगा। मई माह के पूर्वार्द्ध में संक्रमण तेज़ी से बढ़ा था और 400 की दैनिक संख्या छूने को उतारू हो गया था। अब माह के उत्तरार्द्ध में संक्रमण घट रहा है तो प्रशासन की सख्ती बढ़ रही है। जिम्मेदारों के इस नए फरमान के बाद जनता यह पूछ रही है कि बढ़ते संक्रमण के समय कहाँ थे जनाब? यह भी समझना होगा नए ई पास का सिस्टम आसान नहीं होगा। ऑनलाइन कंप्यूटर सुविधाओं की दुकानें बंद है। सबके घर पर ना तो कंप्यूटर है और ना ही इंटरनेट। ई पास की सुविधा मोबाइल से ली जा सकती है लेकिन उसके लिए आपके पास एंड्रॉयड मोबाइल होना आवश्यक है। यदि आपने किसी की सहायता से पास हासिल भी कर लिया तो आज के लॉकडाउन में प्रिंट नहीं मिलेगा और अगर एंड्रॉयड फ़ोन ना हो तो चौराहे पर खड़े “जिम्मेदार” को आप अपना पास कैसे दिखाएंगे? जिम्मेदारों द्वारा जारी की गई जानकारी में भी स्पष्टता का अभाव दिखा, जिससे जनता परेशान दिखाई दी है। यद्यपि मीडिया और उससे जुड़े लोग इस पर मेहनत कर रहे है कि शहरवासियों को ई पास सिस्टम को अच्छे से समझ आ सकें।
शहरवासियों की समस्याएँ भी अपनी जगह वाजिब है। किसी ने पूछा कि मेरा हफ्ते में 2 बार डायलिसिस होता है तो मुझे हर बार पास लेना होगा या एक बार मे ही लम्बे समय के लिए बन जायेगा? दूसरे ने पूछा कि कोविड संक्रमण बढ़ने के साथ साथ महंगाई भी बढ़ रही है। क्या मुझे बैंक या एटीएम तक जाने के लिए भी पास बनवाना पड़ेगा? इन सब बातों का अभी जिम्मेदारों की तरफ से विस्तार पूर्वक जानकारी आना शेष है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ई-पास बनाने के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा जो मोबाइल से किया जा सकेगा जिसमें नाम, पता, आधार नंबर की आवश्यकता होगी। मात्र 4 घंटे में ई-पास बनकर संबंधित आवेदक के मोबाइल पर पहुंच जाएगा। ई-पास हासिल होने के बाद भी संबंधित व्यक्ति को अपनी आईडी अपने साथ रखना होगी जो व्यक्ति ई-पास के लिए ऑनलाइन आवेदन करने में असमर्थ होंगे वे व्हाट्सएप पर आवेदन प्रेषित कर सकेंगे, उन्हें व्हाट्सएप पर अनुमति मिल जाएगी। लेकिन इस सुविधा के लिए व्हाट्सएप नंबर कौन सा होगा, यह अभी तक बताया नहीं गया है। हालांकि यह बताया गया है कि ऑनलाइन आवेदन करने में कोई समस्या होने पर लोक सेवा प्रबंधक अंकित बघेल (मोबाइल नंबर 7879824547) से परामर्श लिया जा सकता है।




