पर्यावरण मंत्री हरदीपसिंह डंग ने गायत्री परिवार एवं लॉयन्स क्लब के साथ कोलवा (मंदसौर) में रोपे 2100 पौधे…

0

News By – नीरज बरमेचा (93028 24420)

  • कोलवा पहाड़ी स्थित श्री राम स्मृति उपवन में 11 हजार वृक्षो और उनके सरंक्षण का लक्ष्य है।
  • वर्ष 2019 के प्रथम चरण में 551 पौधे, वर्ष 2020 के दूसरे चरण में 1100 पौधे एवं 2021के तृतीय चरण में 2100 पौधों का रोपण किया गया।

मंदसौर 27 जून 2021/ जिले के ग्राम कोलवा में अखिल विश्व गायत्री परिवार के द्वारा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में अनूठा कार्य किया गया। गायत्री परिवार के वृक्षगंगा अभियान के अंतर्गत इस पौधरोपण कार्यक्रम में नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा तथा पर्यावरण विभाग के मंत्री हरदीपसिंह डंग ने अपनी सहभागिता के साथ पौधारोपण किया। वृक्षारोपण के कार्यक्रम में ग्राम मुंदडी से नाहरगढ रोड पर स्थित ग्राम कोलवा के पहाड़ी पर 2100 पौधे लगवाकर पर्यावरण संरक्षण में अमूल्य कार्य किया गया। वर्तमान में कोरोना आपदा के समय ऑक्सिजन का महत्व सभी से समझा है और पर्यावरण में पर्याप्त मात्रा में ऑक्सिजन बनाये रखने के लिए पर्यावरण संरक्षण एवं अधिकाधिक वृक्षारोपण अत्यावश्यक है।

वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण मंत्री हरदीप सिंह डंग ने गायत्री परिवार द्वारा चलाये जा रहे वृक्षगंगा अभियान एवं पर्यावरण संरक्षण आंदोलन की सराहना करते हुए गायत्री परिवार को धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि गायत्री परिवार इस क्षेत्र में सेवा भाव से सराहनीय कार्य कर रहा है। आज हम सभी को पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ जल संरक्षण के महत्व को समझना भी आवश्यक है। पर्यावरण यदि शरीर है तो जल आत्मा है। मंत्री हरदीप सिंह ने प्रदेश सरकार की आगामी सीड बम योजना के बारे में भी बताया। अपने उद्बोधन में उन्होंने बताया कि पर्यावरण मंत्री होने के नाते ऐसे कार्यक्रमो के आयोजन को बढावा देना हमारा कर्तव्य है। इसलिए सभी महानुभावो से निवेदन है कि पर्यावरण को जीवन शैली का एक मूल आधार मानकर इसका संरक्षण करे। प्रदेश सरकार से संबंधित पर्यावरण क्षेत्र में किसी भी प्रकार के सुझाव एवं सहयोग के लिए मैं तत्पर हूँ।

कार्यक्रम को संतश्री मिथलेश नागर जी, गायत्री परिवार युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश प्रभारी विवेक चौधरी, गायत्री परिवार उज्जैन उपजोन प्रभारी राजेश पटेल, मंदसौर भाजपा जिलाध्यक्ष नानालाल अटोलिया, मंदसौर भारतीय खाद्य विभाग संचालक मदनलाल राठौर, लायंस क्लब मंदसौर अध्यक्ष विकास भण्डारी ने भी सम्बोधित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य एवं अभियान का परिचय जिला समन्वयक मोहनलाल जोशी ने बताया, संचालन गायत्री परिवार के केशव शिंदे ने किया। सुश्री निशा एवं नम्रता तथा राजीव एवं राकेश धनोतिया ने प्रज्ञा गीत प्रस्तुत किये। गायत्री परिवार मंदसौर के मुख्य ट्रस्टी नरेश त्रिवेदी ने अपनी दिवंगत पत्नी की स्मृति में पौधे उपलब्ध कराए। कार्यक्रम में मंदसौर एवं आसपास क्षेत्र से गायत्री परिजनों एवं लायंस क्लब के सदस्य ने वृक्षारोपण के पुनीत कार्य मे सहभागिता कर अपना योगदान दिया।


https://chat.whatsapp.com/KJts0DqjOjWGvkV1AjDzPQ
न्यूज़ इंडिया 365 के व्हाट्सएप ग्रुप में जुड़ने और महत्वपूर्ण समाचारों के साथ अपने को अपडेट रखने के लिए, ऊपर दी गई लिंक पर क्लिक करे।
आप स्वयं जुड़े और अपने मित्रों साथियों को भी जोड़े