रतलाम में कोरोना के डेल्टा वैरिएंट की अफवाहों पर ना हो चिंतित, कलेक्टर ने भ्रामक खबरे प्रसारित करने वालो पर कार्यवाही की दी चेतावनी…

0

News By – नीरज बरमेचा / विवेक चौधरी

रतलाम। मंगलवार की सुबह से रतलाम में एक खबर ऐसी चली कि इसकी चर्चा सभी दूर होने लगी। सगे संबंधी, मित्र शुभचिंतकों के फ़ोन आने लगे। अधिकांश लोगों को यह लगने लगा कि रतलाम में एक साथ 20 से ज्यादा केस डेल्टा प्लस वैरिएंट के आ गए है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी का भी संक्रमितों की सूची में शामिल होने से चिंता और बढ़ गई। यद्यपि एक समाचार डेल्टा वैरिएंट का था लेकिन अफ़वाहों के बाज़ार को हवा मिली तो रतलाम में आपदा प्रबंधन दल की बैठक होने तथा लॉक डाउन लगने जैसी बात होने लगी। इस पर संज्ञान लेने के बाद प्रशासन की ओर से यह सूचना जारी की गई कि सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरों को प्रसारित करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी। उन्हें खबर का स्त्रोत बताना पड़ेगा। जिसके संदर्भ में जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक को निर्देश दे दिए गए हैं। शाम को जिलाधिकारी कुमार पुरुषोत्तम का एक वीडियो भी जारी हुआ जिसमें कलेक्टर ने भ्रामक खबरों को फैलाने वालों को चेतावनी देने के साथ जिलेवासियों को आश्वस्त किया कि घबराने की कोई बात नहीं है। डेल्टा वैरिएंट 80 देशों में पाया गया है। कोरोना की दूसरी लहर पहली की तुलना में ज्यादा संक्रामक थी। रतलाम भी इससे प्रभावित हुआ है। लेकिन वर्तमान में घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। जिलाधीश के अनुसार कोविड के प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन किया जाएगा।

सूत्रों से जो जानकारी मिली है उसके अनुसार रतलाम मेडिकल कॉलेज से 50 से अधिक सैंपल जीनोम सैम्पलिंग के लिए भेजे गए थे जिनमें 20 से अधिक सैंपल में डेल्टा वैरिएंट पाया गया है। यह सैम्पल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कुछ मरीजों में बार-बार बुखार आने और कोरोना टेस्ट के रिपीट पाजिटिव आने के बाद जीनोम जांच के लिए भेजे गए थे। लेकिन यह स्पष्ट होना चाहिए कि यह “डेल्टा प्लस वैरिएंट” नहीं है। क्योंकि अभी डेल्टा प्लस वैरिएंट वाले कोरोना वायरस को लेकर चिंता व्यक्त की जा रही है। तीसरी लहर में बच्चों के संक्रमित होने की खबरों ने लोगों को परेशान कर रखा है। आर्थिक मोर्चे पर संघर्षरत आम जनता भी फिर से लॉक डाउन लगने की खबर से चिंतित है। अतः सुखद स्थिति यह है कि अफवाहों के विपरीत अभी तक रतलाम में “डेल्टा प्लस” वैरिएंट का कोई संक्रमण दर्ज नहीं हुआ है। लेकिन इससे हम सबकी जिम्मेदारियां कम नहीं होती है। हम सभी को प्रशासन द्वारा निर्देशित कोविड प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करना होगा।

प्रशासन द्वारा भ्रामक समाचार पर दी गई चेतावनी

सोशल मीडिया पर भ्रामक समाचार के संदर्भ में जिला प्रशासन की तरफ से बताया गया कि कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम ने कहा है कि सोशल मीडिया पर यदि किसी व्यक्ति द्वारा भ्रामक एवं गलत खबर चलाई जाएगी तो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी और इस संबंध में पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए गए हैं। देखने में आया है कि सोशल मीडिया पर रतलाम जिले में लॉकडाउन तथा क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप की बैठक के संबंध में गलत खबर चलाई जा रही है। इस संबंध में संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक को निर्देशित किया गया है कि गलत खबर चलाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए, जो भी व्यक्ति खबर चलाता है, उसे खबर का सोर्स बताना होगा अन्यथा उसके विरुद्ध कार्रवाई होगी।

CMHO कार्यालय द्वारा प्रदत्त जानकारी

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के कोविड-19 पॉजिटिव होने संबंधी समाचार के स्पष्टीकरण के संबंध में बताया गया कि दिनांक 29 जून 2021 रतलाम जिले के पत्रिका समाचार पत्र दिनांक 29 जून 2021 के रतलाम अंक में ”डेल्टा की दस्तक रतलाम में सीएमएचओ सहित 20 से अधिक की रिपोर्ट पॉजिटिव ” शीर्षक प्रकाशित होना पाया गया है । उक्त समाचार के संबंध में सीएमएचओ डॉक्टर प्रभाकर ननावरे ने स्पष्ट किया कि उक्त रिपोर्ट सीएमएचओ डॉक्टर प्रभाकर नानावरे की कोविड संबंधित जांच 18 मई को कराई गई थी। 18 मई को कराई जाँच रिपोर्ट में पॉजिटिव होना पाया गया था। तदुपरांत सीएमएचओ द्वारा नियमित रूप से उचित उपचार लिया जा रहा है । शासकीय नियमानुसार पॉजिटिव आने वाले सैंपल में से कुछ सैंपल जीनोम स्टडी के लिए भेजे जाते हैं । इस प्रकार जीनोम स्टडी के द्वारा कोविड-19 वायरस की स्थिति के बारे में पता लगाया जाता है ताकि आगामी खतरों से लोगों की स्वास्थ्य रक्षा की जा सके। इस प्रकार पूर्व माह मई में भेजे गए सैंपल में से कुछ सैंपल की जीनोम स्टडी करवाई गई है । सभी को स्पष्ट हो कि रतलाम जिले में दिनांक 28 जून को केवल तीन मरीजो की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है । 1 दिन में 20 से अधिक व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव नहीं है ।


https://chat.whatsapp.com/KJts0DqjOjWGvkV1AjDzPQ
न्यूज़ इंडिया 365 के व्हाट्सएप ग्रुप में जुड़ने और महत्वपूर्ण समाचारों के साथ अपने को अपडेट रखने के लिए, ऊपर दी गई लिंक पर क्लिक करे।
आप स्वयं जुड़े और अपने मित्रों साथियों को भी जोड़े