टीकाकरण में उमड़ी भीड़ से उपजी अव्यवस्थाओं के बाद जागा प्रशासन, कलेक्टर ने कहा सुनियोजित ढंग से हो व्यवस्था….

0

News By – नीरज बरमेचा & विवेक चौधरी

  • कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम ने आगामी वैक्सीनेशन के लिए दिए निर्देश,
  • करें पर्ची प्रदान और बताएं संभावित समय

रतलाम 02 जुलाई 21/ कोरोना की दूसरी लहर के बाद अधिकांश जगह कोरोना टीके को लेकर झिझक खत्म होकर जागरूकता बढ़ी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की घोषणा के पश्चात प्रदेश में इवेंट के स्तर पर बड़ी संख्या में वैक्सीनशन हो रहा है। रतलाम में भी टीकाकरण दिवस पर भारी संख्या में लोग टीका लगवाने के लिए वैक्सीनेशन सेंटर्स पर पहुँच रहे है। जिससे केंद्रों पर अव्यवस्था की शिकायतें आ रही हैं। जनता परेशान हो रही है तथा अनेक लोगों को बिना टीका के वापस जाना पड़ रहा है। सोशल मीडिया में बढ़ती भीड़ और अव्यवस्था पर कटाक्ष भी हो रहे है कि तीसरी लहर की तैयारियाँ पूरी हो गई है बस संक्रमण की प्रसार की कमी को प्रशासन वैक्सीन सेंटर्स पर भीड़ बढ़ाकर कर लेगा। इन्ही सब आलोचनाओं का बीच लगता है कि प्रशासन जाग गया है क्योंकि जिला कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम ने निर्देश दिए कि रतलाम शहर में वैक्सीनेशन कार्य सुनियोजित ढंग से किया जाए।


शुक्रवार को कोविड-वैक्सीनेशन महा अभियान की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि अब टीकाकरण केंद्रों पर आमजन को सुबह 8:00 से 9:00 बजे के मध्य पर्चियां प्रदान की जाए और पर्ची पर व्यक्ति के संभावित टीकाकरण का समय भी दिया जाए। साथ ही पर्ची पर सेंटर का नाम भी होगा। कलेक्टर ने कहा कि आमजन से अनुरोध रहेगा कि पर्ची में बताए गए निर्धारित समय पर ही टीकाकरण के लिए आए। इस समीक्षा के अवसर पर सीईओ जिला पंचायत मीनाक्षी सिंह, अपर कलेक्टर जमुना भिड़े सहित अन्य अधिकारी आदि उपस्थित थे। समीक्षा के दौरान बताया गया कि रतलाम शहर में शनिवार 3 जुलाई को मात्र कोवैक्सीन का सेकंड डोज लगाया जाएगा। इस दिन लगभग 4500 सेकंड डोज लगेंगे। आगे 5 जुलाई को भी शहर रतलाम में कोविशिल्ड के करीब 6000 सेकंड डोज ही लगाए जाएंगे।

वैक्सीनेशन सेंटर्स पर उपजी अव्यवस्थाओं पर कलेक्टर ने रतलाम शहर में सुनियोजित ढंग से वैक्सीनेशन कार्य करवाने के संबंध में निर्देशित किया कि लोगों को परेशान नहीं होना पड़े, इसके लिए अच्छे ढंग से प्लान तैयार किया जाए और एक आदर्श व्यवस्था बनाई जाए। वैक्सीनेशन सेंटर पर माइक व्यवस्था के साथ ही एक बोर्ड लगाया जाए और बोर्ड पर सेंटर पर उपलब्ध टीको की संख्या तथा तय समय तक वितरित पर्ची की संख्या की जानकारी दी जाएगी। साथ ही कलेक्टर ने निर्देश दिए कि प्रत्येक टीकाकरण केंद्र पर लगभग ढाई सौ वैक्सीनेशन की व्यवस्था रहे। जिन लोगों को टीके का सेकंड डोज लगाया जाना है उनका डाटा प्रशासन के पास है। ऐसे व्यक्ति निश्चिंत रहें समय पर उनको सेकंड डोज लगाए जाना, सुनिश्चित किया गया है। आमजन यह सुनिश्चित करें कि प्रथम डोज मे उनके द्वारा जो मोबाइल नंबर दिया गया है वही मोबाइल नंबर सेकंड डोज के दौरान भी बताएं।


https://chat.whatsapp.com/KJts0DqjOjWGvkV1AjDzPQ
न्यूज़ इंडिया 365 के व्हाट्सएप ग्रुप में जुड़ने और महत्वपूर्ण समाचारों के साथ अपने को अपडेट रखने के लिए, ऊपर दी गई लिंक पर क्लिक करे।
आप स्वयं जुड़े और अपने मित्रों साथियों को भी जोड़े