देशभक्ति की भावना से मना स्वतंत्रता दिवस समारोह

0

News by – नीरज बरमेचा

मुख्य समारोह स्थल पर जिला प्रभारी मंत्री ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली

रतलाम 15 अगस्त 2021/ स्वतंत्रता दिवस समारोह रतलाम में देशभक्ति पूर्ण वातावरण में मनाया गया। जिला मुख्यालय पर आयोजित मुख्य समारोह पुलिस परेड ग्राउंड पर आयोजित किया गया, जहां प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री ओ.पी.एस. भदौरिया ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इस अवसर पर विधायक रतलाम शहर चैतन्य काश्यप, विधायक जावरा डा.राजेन्द्र पांडे, विधायक रतलाम ग्रामीण  दिलीप मकवाना, राजेंद्रसिंह लुनेरा, जिला पंचायत प्रधान  प्रमेश मईडा, संगीता चारेल,  के.के. सिंह कालूखेडा, अशोक पोरवाल,  निमिष व्यास, डीआईजी  सुशांत सक्सेना, कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम, जिला पुलिस अधीक्षक गौरव तिवारी, जिला पंचायत सीईओ मीनाक्षी सिंह, एडीएम  जमुना भिड़े, जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक, पत्रकारगण उपस्थित थे।

मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री भदोरिया ने परेड का निरीक्षण किया। इसके पश्चात मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। प्रभारी मंत्री ने गुब्बारे छोड़कर देश की सांस्कृतिक विविधता का परिचय दिया। पुलिस परेड द्वारा हर्ष फायर किया गया, इसके पश्चात मार्च पास्ट हुआ। प्रभारी मंत्री द्वारा परेड कमांडर से परिचय प्राप्त किया गया। कार्यक्रम का संचालन आशीष दशोत्तर एवं डॉ. पूर्णिमा शर्मा ने किया।

आकर्षक परेड हुई
परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक खिलावनसिंह कवर के नेतृत्व में आकर्षक परेड हुई इसमें सेकंड कमांडर सूबेदार अनोखीलाल परमार, एसएएफ 24वीं कंपनी, जिला पुलिस बल, जिला पुलिस महिला बल एवं जिला होमगार्ड बल के प्लाटून शामिल रहे।

उत्कृष्ट कार्य के लिए मिला पुरस्कार
स्वतंत्रता दिवस समारोह में  उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर पुरस्कृत किया गया। सर्वप्रथम जनपद पंचायत जावरा को भारत सरकार पंचायती राज मंत्रालय द्वारा वर्ष 2019-20 में किए गए मूल्यांकन के आधार पर दीनदयाल उपाध्याय पंचायत सशक्तिकरण पुरस्कार दिया गया। सीईओ जनपद पंचायत आरबीएस दंडोतिया ने यह पुरस्कार प्राप्त किया। कोविड काल में उत्कृष्ट  कार्य करने पर स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को पुरस्कृत किया गया। इनमें जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. प्रमोद प्रजापति, एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. गौरव बोरीवाल, खैरुन्निसा खान, शशिकांत, मंगला ठाकुर, ललिता कारपेंटर, विनोद गहलोत, प्रशांत जोशी, अनवर बानो कुरेशी, दीपा उज्जवल, अनिल राठौर, नवजोतसिंह कुशवाह, वर्षा मसीह, सीमा शेखावत, राकेश सोलंकी, चंदा भाटिया, मुकेश कुमार देवड़ा एवं वीना पाल को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर पुरस्कृत किया गया।

श्रेष्ठ परेड के लिए भी पुरस्कार प्रदान किए गए
स्वतंत्रता दिवस समारोह में निकली परेड के लिए पुरस्कार प्रदान किए गए परेड का प्रथम पुरस्कार एसएफ 24 वी वाहिनी एक कंपनी रतलाम के प्लाटून कमांडर सुनील वास्कले को, द्वितीय पुरस्कार जिला होमगार्ड बल रतलाम के प्लाटून कमांडर बद्री मंडलोई को तथा तृतीय पुरस्कार जिला पुलिस महिला पर रतलाम की उप निरीक्षक निशा चौबे को दिया गया।


न्यूज़ इंडिया 365 के व्हाट्सएप ग्रुप में जुड़ने और महत्वपूर्ण समाचारों के साथ अपने को अपडेट रखने के लिए, ऊपर दी गई लिंक पर क्लिक करे।
आप स्वयं जुड़े और अपने मित्रों साथियों को भी जोड़े|