मानसून ने दी फिर से दस्तक, जिला हुआ तरबतर। जानिए कहाँ कितना पानी बरस चुका है….

0

News by – विवेक चौधरी

रतलाम, शुक्रवार 20 अगस्त/ विगत दो तीन दिनों से जिले पर मानसून फिर से मेहरबान हुआ है, जिसने जिले को तरबतर कर दिया है। कल के बाद आज सुबह फिर अच्छी बारिश हुई। जिससे शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र के कुछ जगहों पर जलभराव से नागरिकों को परेशानी झेलनी पड़ी है। शहरी क्षेत्र में सामान्यतः जिन इलाकों में पानी भरता है वे पुनः जल मग्न हो गए। शहर के निर्माणाधीन सड़कों के अलावा अन्य क्षेत्रों में काफी गड्ढे हो गए है, इस बारिश से वहाँ परेशानी अब और अधिक होगी। ग्रामीण क्षेत्रों से भी कुछ गांवों में जल भराव की शिकायत आई है। जिले के नदी नालों में भी वर्षा की वजह से अच्छा बहाव आ चुका है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पिछले चौबीस घण्टों में (आज सुबह तक) रतलाम में तीन इंच वर्षा के आँकड़े मिले है। जबकि आज सुबह 8 बजे तक जिले में 25 इंच से ज्यादा पानी बरस चुका है। इस वर्षा ऋतु की बात करें तो जिले में सर्वाधिक बारिश जावरा में 875 मिलीमीटर हुई है जबकि ताल में 817, सैलाना में 700, आलोट में 651, रतलाम में 594, रावटी में 548  मिलीमीटर बारिश हुई है। जिले के बाजना में सबसे कम 477 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।

जिले की औसत की बात करें तो इस ऋतु में अभी तक जिले में 649 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है जो गतवर्ष अब तक हुई वर्षा की तुलना में 135 मिलीमीटर अधिक है। जबकि तहसील स्तर पर बाजना और रावटी में गतवर्ष अबतक हुई वर्षा की तुलना में कम बारिश हुई है।


न्यूज़ इंडिया 365 के व्हाट्सएप ग्रुप में जुड़ने और महत्वपूर्ण समाचारों के साथ अपने को अपडेट रखने के लिए, ऊपर दी गई लिंक पर क्लिक करे।
आप स्वयं जुड़े और अपने मित्रों साथियों को भी जोड़े|