विश्व के सबसे लंबे एक्सप्रेस हाईवे की कार्य प्रगति अवलोकन के लिए आए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, बोले हाईवे खोलेगा प्रगति और समृद्धि के द्वार…

0

News By – विवेक चौधरी

  • आयोजन पूर्णतः नितिन गडकरी शो रहा, मुख्य रूप से उन्होंने ही दिया उद्बोधन
  • विश्व का सबसे लंबा एक्सप्रेस वे, मध्यप्रदेश में 245 किमी का हिस्सा जिसमे 106 किमी बन चुका है
  • गडकरी के अलावा स्वागत और आभार सम्बोधन किसी राजनेता नहीं, अपितु प्रोजेक्ट से जुड़े अधिकारियों ने दिया
  • राजमार्ग मंत्री गडकरी के एक्सप्रेस वे रोड ट्रायल में मध्यप्रदेश की सड़कें राजस्थान से रही बेहतर
  • 2 हेलिकॉप्टर से आए नितिन गडकरी और 150 किमी की गति से दौड़ा उनका वाहन
  • NHAI और GRIL के अधिकारी कर्मचारी आयोजन की व्यवस्था में लगे रहे
  • गडकरी बोले, यह मात्र राजमार्ग का नहीं अपितु राष्ट्र का भी है नवनिर्माण, रोजगार और समृद्धि के खोलेगा द्वार
  • गडकरी ने कहा दिल्ली मुम्बई एक्सप्रेस वे के मध्य में मालवा होने से मिलेगा क्षेत्र को लाभ, 8 लेन पर स्थानीय उत्पादों को भी बिक्री का मिलेगा मौका
  • केंद्रीय मंत्री गडकरी ने कहा भविष्य में बायो एथेनॉल फ्यूल, ग्रीन हायड्रोजन एनर्जी और इलेक्ट्रिक हाइवे की भी है योजना
  • गडकरी ने भगवान को दिया धन्यवाद, कहा मौसम था प्रतिकूल, लेकिन फिर भी आना हुआ संभव
  • देशभर में 20 रनवे वाले हाइवे पर चल रहा है काम, सड़क पर उतर सकेंगे विमान
  • 40 से ज्यादा इंटरचेंज के माध्यम से जयपुर, कोटा, भोपाल, इंदौर, बड़ौदा और सूरत जैसे बड़े शहर से कनेक्टिविटी। मध्यप्रदेश में कुल 7 इंटरचेंज, मंदसौर और रतलाम में 3-3 तथा झाबुआ में एक
  • दिल्ली दौसा और बड़ौदा अंकलेश्वर के बीच का एक्सप्रेस-वे मार्च,2022 तक हो सकता है शुरू
  • एक्सप्रेस-वे बनने से बचेगा ईंधन और घटेगा प्रदूषण, होगा 2 लाख से अधिक का वृक्षारोपण। वन्य जीवन के संरक्षण के लिए होंगे अंडरपास, ओवरपास और सुरंग

दोनों हाइवेज से मध्यप्रदेश को मिलेगी विकास की नई रफ्तार

रतलाम। (16 सितंबर 2021) पश्चिमी मध्यप्रदेश के 3 जिलों मंदसौर रतलाम और झाबुआ से गुजरने वाले दिल्ली मुम्बई 8 लेन ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस वे की निमार्ण कार्य प्रगति के अवलोकन करने सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी रतलाम जिले के जावरा आए। उन्होंने कहा कि यह एक्सप्रेस वे क्षेत्र की प्रगति, समृद्धि के लिए द्वार खोलेगा और रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा। यह एक्सप्रेस वे पिछड़े क्षेत्र से गुजरता है, जो यहाँ की उपज और उत्पादन को बड़े शहरों और बाजारों तक पहुँचाने का जरिया बनेगा। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस हाइवे और चंबल एक्सप्रेस वे मध्य प्रदेश के लिए ग्रोथ इंजन बनेंगे। इन दोनों एक्सप्रेस वे से मध्य प्रदेश के विकास की नई रफ्तार मिलेगी। इससे युवाओं को रोजगार के अनेक अवसर प्राप्त होंगे। यहाँ के हैंडलूम, हेंडीक्राफ्ट, किसानी, बागवानी उपज उत्पाद को भी बहुत बड़ा बाजार मिलेगा। इस एक्प्रेस वे को मालवा से कनेक्टिविटी देने के लिए 143 किलोमीटर का 4 लेन मार्ग भी बनाया जाएगा, जो इंदौर, देवास, उज्जैन, आगर और गरोठ तक जाएगा। केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी मीडिया को सम्बोधित कर रहे थे।

नितिन गडकरी ने कहा कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस हाइवे दुनिया का सबसे बड़ा एक्सप्रेस हाइवे है। इसकी लंबाई 1350 किमी है और यह दूरी हम लगभग साढ़े 12 घंटे में पूरी कर सकते हैं। इस हाइवे में 320 मिलियन लीटर ईंधन की खपत कम होगी। आप समझ सकते हैं कि पर्यावरण की दृष्टि से भी यह कितना महत्वपूर्ण है। मध्य प्रदेश में लगभग साढ़े 8 हजार करोड़ की लागत से 8 लेन का मार्ग बन रहा है, वैसे यह 12 लेन का है। फर्स्ट फेज में 8 लेन का बनेगा और दूसरे फेज में जब ट्रैफिक बढ़ेगा तो 12 लेन का बनाएंगे। मध्य प्रदेश के 245 किलोमीटर के हिस्से में से 106 किलोमीटर का काम पूरा हो गया है, जिसके लिए निर्माण में लगी टीम बधाई की पात्र है। बचे हुए 139 किलोमीटर का काम नंवबर 2022 तक पूरा हो जाएगा।


न्यूज़ इंडिया 365 के व्हाट्सएप ग्रुप में जुड़ने और महत्वपूर्ण समाचारों के साथ अपने को अपडेट रखने के लिए, ऊपर दी गई लिंक पर क्लिक करे।
आप स्वयं जुड़े और अपने मित्रों साथियों को भी जोड़े|

नितिन गडकरी ने कहा कि रतलाम, दिल्ली, मुम्बई का सेन्टर पॉइंट है। एक्सप्रेस वे से लगी भूमि पर मध्य प्रदेश सरकार के सहयोग से बड़ा लॉजिस्टिक हब और इंडस्ट्रियल क्लस्टर बनाने की कोशिश की जाएगी। उन्होंने कहा कि रतलाम को इससे निश्चित बहुत आर्थिक लाभ का अवसर मिलते रहेंगे। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे बनने से रतलाम और झाबुआ बहुत संपन्न और समृद्ध बनेगा और यहां के गांव, गरीब, मजदूर और किसानों का कल्याण होगा और विकास को नई गति मिलेगी।

नितिन गडकरी ने कहा कि दूसरा एक्सप्रेस वे अटल एक्सप्रेस वे है, जो मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के पिछड़े इलाकों से होकर गुजरेगा। इससे इन क्षेत्रों के विकास के लिए नई गति मिलेगी। करीब साढ़े 8 हजार करोड़ को इस एक्सप्रेस को भारत माला में शामिल कर लिया गया है। 403 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेस वे का 313 किलोमीटर का मार्ग मध्य प्रदेश में पड़ेगा, शेष 62 किमी राजस्थान और 28 किमी उत्तर प्रदेश में रहेंगे। इस एक्सप्रेस में लॉजिस्टिक पार्क, औद्योगिक केंद्र, कृषि उत्पादन केंद्र, खाद्य प्रसंस्करण केंद्र, शिक्षा केंद्र और मनोरंज केंद्र भी प्रस्तावित हैं।

उन्होंने कहा कि दोनों हाइवेज मध्य प्रदेश के ग्रोथ इंजन बनेंगे और इससे लोगों का बड़ी मात्रा में रोजगार मिलेंगे। यहां पर बने रोड की क्वॉलिटी अच्छी है और यही क्वॉलिटी मेंटेन की जाएगी। हमने यह काम क्वॉलिटी के साथ किया है।
कार्यक्रम में मंदसौर सांसद सुधीर गुप्ता, रतलाम सांसद गुमान सिंह और उज्जैन सांसद अनिल फिरोजिया, मध्यप्रदेश के मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा, विधायकगण चैतन्य कश्यप रतलाम शहर, राजेन्द्र पांडेय जावरा, दिलीप परिहार नीमच, प्रमेश मईड़ा जिला पंचायत अध्यक्ष रतलाम, पूर्व विधायक चंदर सिंह और राधेश्याम पाटीदार सहित NHAI के विवेक जायसवाल, रविन्द्र गुप्ता मुख्य रूप से उपस्थित थे। कार्यक्रम में वीडियो प्रेजेंटेशन के माध्यम से इस महत्वकांक्षी परियोजना के बारे में बताया गया।