रतलाम शहर को कोविड वैक्सीनेशन के दोनों डोज़ शत-प्रतिशत पूर्ण करने वाले प्रदेश के पहले शहर का गौरव दिलाएं – विधायक चैतन्य काश्यप

0

News By – नीरज बरमेचा 

  • व्यापारिक, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों के साथ प्रशासन द्वारा बैठक आयोजित
  • मांग करने पर विशेष वैक्सीन कैम्प आयोजित किए जाएंगे

रतलाम 12 नवम्बर 2021/ विधायक चैतन्य काश्यप एवं कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम द्वारा शहरी क्षेत्र रतलाम के विभिन्न सर्राफा व्यवसाई संघ, किराना व्यवसाई संघ, ट्रांसपोर्ट व्यवसाई संघ, औषधि व्यवसाई संघ, पेट्रोल पंप व्यवसाई संघ तथा विभिन्न सामाजिक संस्थाओं एवं संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में विधायक काश्यप ने आह्नान किया कि सभी लोग जागरुकता के साथ वैक्सीन के दोनों डोज लगवाएं। रतलाम शहर को दोनों डोज शत-प्रतिशत पूर्ण करने वाले प्रदेश के पहले शहर का गौरव दिलवाएं।


न्यूज़ इंडिया 365 के व्हाट्सएप ग्रुप में जुड़ने और महत्वपूर्ण समाचारों के साथ अपने को अपडेट रखने के लिए, ऊपर दी गई लिंक पर क्लिक करे।
आप स्वयं जुड़े और अपने मित्रों साथियों को भी जोड़े|

कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम ने बताया कि रतलाम शहर प्रथम डोज शत-प्रतिशत करने के साथ ही सेकेण्ड डोज भी शत-प्रतिशत के करीब आ गया है। शहर के नागरिक आगे आएं और शहर में शत-प्रतिशत दोनों डोज पूर्ण करवाएं, ताकि रतलाम दोनों डोज शत-प्रतिशत पूर्ण करने वाला प्रदेश का प्रथम शहर बन सके। कलेक्टर ने बताया कि जो भी संगठन या मेरिज गार्डन संचालक या एसोसिएशन वैक्सीनेशन के लिए विशेष कैम्प की मांग करेंगे तो प्रशासन द्वारा आयोजित कर दिया जाएगा। बशर्ते कम से कम 50 लोगों का वैक्सीनेशन होना हो। रतलाम शहर के प्रमुख बाजार में भी एक स्थायी वैक्सीनेशन कैम्प लगाया जाएगा। कलेक्टर ने बताया कि रतलाम जिला मध्यप्रदेश में बेहतर वैक्सीनेशन वाले प्रथम 08 जिलों में सम्मिलित है।  रतलाम शहरी क्षेत्र में लगभग 75 प्रतिशत लोग कोविड-19 वैक्सीन का अपना दूसरा डोज़ पूर्ण कर चुके हैं । रतलाम शहर में आगामी 15 दिवस की अवधि में शत-प्रतिशत लोगों को कोविड का दूसरा टीका लगाया जाना सुनिश्चित करना है। इसके लिए उन्होंने सभी सामाजिक संस्थाओं के लोगों से सहयोग की अपील की।

शहर विधायक चैतन्य काश्यप ने कहा कि रतलाम शहर में विगत दिनों कोविड का वैक्सीनेशन होने के कारण ही कोविड से लोगों का बचाव करने में मदद मिली है। 18 वर्ष से अधिक आयु के लोगों का वैक्सीनेशन कराने से उनके बच्चों को भी सुरक्षा मिल सकी है।  उन्होंने स्पष्ट किया कि कोविड-19 वैक्सीन प्रभावी और असरदार सिद्ध हुआ है,  उन्होंने सभी लोगों से कोविड का दूसरा टीका लगवाने की अपील की।  कलेक्टर ने बताया कि यदि किसी भी सामाजिक संस्था अथवा संगठन के लोग अपने क्षेत्र में 50 लोगों का टीकाकरण कराने का आश्वासन देते है तो ऐसी स्थिति में उनके बताए स्थान पर कोविड वैक्सीनेशन सत्र आयोजित किया जाएगा।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राशन दुकान, सैलून, सिनेमा हॉल, ट्रांसपोर्ट व्यवसाय, जनरल स्टोर्स के संचालक अपनी दुकान पर कोविड-19 के दोनों डोज़ पूर्ण करने वाले लोगों को ही प्रवेश दिए जाने संबंधी फ्लेक्स लगाएं, ताकि लोग कोविड का दूसरा टीका लगवाने के लिए प्रेरित हो सके।  सब्जी बेचने वाले व्यक्ति से सब्जी खरीदने वाले दोनों टीके लगवाने की जानकारी पूछें, उसके बाद ही सामग्री खरीदे। इसी तरह शादी समारोह आयोजित करने वाले अपने अतिथियों से आग्रह करें कि वैक्सीन के दोनों डोज लगवाने के पश्चात ही वैवाहिक समारोह में शामिल हों। इस अवसर पर गायत्री सिनेमा हॉल के संचालक मोहिंत जैन ने कहा कि गायत्री सिनेमा हॉल में सोमवार 15 नवंबर से 10 दिन की अवधि तक टिकिट खरीदने वाले लोगों को कोविड-19 का दूसरा टीका लगवाने का प्रमाण पत्र दिखाने पर 10 प्रतिशत की ऑन स्पॉट छूट दी जाएगी। समाजसेवी गोविंद काकानी ने कहा कि रतलाम शहर में वृद्धजन अथवा दिव्यांगजन यदि कोविड-19 का टीका लगवाना चाहे तो मोबा. नम्बर 93293 10044 तथा 1075 नंबर पर संपर्क करें, वृद्धजन एवं दिव्यांगजनों के लिए घर पहुंच वैक्सीनेशन संबंधी सेवा प्रदान की जाएगी।

बैठक के दौरान रतलाम शहर के कोविड-19  वैक्सीनेशन की प्रगति का प्रस्तुतीकरण एसडीएम अभिषेक गहलोत ने किया। बैठक के दौरान एडीएम एम.एल. आर्य, नगर निगम आयुक्त सोमनाथ झारिया, सीएमएचओ डॉ प्रभाकर ननावरे, पूर्व महापौर शैलेंद्र डागा, झमक भरगट, कृष्णकुमार सोनी, जय छजलानी, प्रवीण गुप्ता, ललित दख, प्रदीप छिपानी, सुरेन्द्र चत्तर, राधावल्लभ खण्डेलवाल, राजू पोरवाल,  अनिल बाफना, विरेन्द्र श्रीमाल, चन्द्रकांत माण्डोत, सुरेशचंद्र भाटी, निलेश गांधी एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों , संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं समाजसेवीजन उपस्थित रहे।।


न्यूज़ इंडिया 365 के व्हाट्सएप ग्रुप में जुड़ने और महत्वपूर्ण समाचारों के साथ अपने को अपडेट रखने के लिए, ऊपर दी गई लिंक पर क्लिक करे।
आप स्वयं जुड़े और अपने मित्रों साथियों को भी जोड़े|