News By – नीरज बरमेचा
रतलाम 23 नवंबर 2021/ जिला स्तरीय जनसुनवाई मंगलवार को जिला कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित हुई। अपर कलेक्टर एम.एल. आर्य, सीईओ जिला पंचायत जमुना भिडे, डिप्टी कलेक्टर मनीषा वास्कले द्वारा 54 प्रकरणो की सुनवाई करते हुए संबंधित विभाग को निराकरण के निर्देश दिए।
न्यूज़ इंडिया 365 के व्हाट्सएप ग्रुप में जुड़ने और महत्वपूर्ण समाचारों के साथ अपने को अपडेट रखने के लिए, ऊपर दी गई लिंक पर क्लिक करे।
आप स्वयं जुड़े और अपने मित्रों साथियों को भी जोड़े|
जनसुनवाई के दौरान शांति निकेतन कालोनी निवासी दीपक जैन ने बताया कि प्रार्थी के पिताजी का देहान्त हो चुका है और वह कक्षा 10 वीं में अध्ययन करना चाहता है और प्रार्थी के पास फार्म भरने तथा पढाई करने के लिए राशि नहीं है। अतः प्रार्थी को 10 हजार रुपए की सहायता दी जाए। प्रकरण निराकरण के लिए जिला शिक्षा अधिकारी को प्रेषित किया गया है। नाहरपुरा निवासी नाजीश बानों पति स्व. फिरोज खान ने बताया कि उनके पति फिरोज खान की कोरोना काल के दौरान मेल स्टाफ नर्स पर नियुक्ति हुई थी और कोरोना काल के दौरान ही उनके पति की मृत्यु हो चुकी है। पति की मृत्यु के बाद परिवार का भरण पोषण करने के लिए आय का अन्य कोई स्त्रोत नहीं है, इसलिए कोविड-19 संक्रमण मृत्यु पर अनुग्रह राशि प्रदान की जाए। प्रकरण निराकरण के लिए सीएमएचओ को भेजा गया है।
सैलाना तहसील के ग्राम मातर निवासी राजू निनामा ने आवेदन देते हुए बताया कि उसकी पुत्री सविता निनामा (10 वर्ष) की 18 अक्टूबर 21 को सांप के काटने से मृत्यु हो गई है। अतः प्रार्थी को आर्थिक सहायता का लाभ प्रदान किया जाए। सैलाना एसडीओ को प्रकरण निराकरण हेतु भेजा गया है।
कस्तुरबा नगर निवासी कमलेश पाठक ने बताया कि उनके घर के समीप एक व्यापारी द्वारा नमकीन का व्यापार किया जा रहा है जिससे निर्मित होने वाली सामग्री व तेल की बदबू दिन भर उनके घर में आती रहती है। पाठक ने बताया कि वे तथा उनके पति दोनों सीनियर सीटीजन होकर बीमार रहते हैं और दुकान पर बनने वाली सामग्री के कारण ठीक से सो नहीं पाते हैं। व्यापारी द्वारा दुकान के बाहर डीजल का भट्टा लगाया गया है जिससे निकलने वाला धुएं हानिकारक है व चिंगारी से आग लगने का भय बना रहता है। प्रकरण निराकरण हेतु तहसीलदार शहर को भेजा गया है।
न्यूज़ इंडिया 365 के व्हाट्सएप ग्रुप में जुड़ने और महत्वपूर्ण समाचारों के साथ अपने को अपडेट रखने के लिए, ऊपर दी गई लिंक पर क्लिक करे।
आप स्वयं जुड़े और अपने मित्रों साथियों को भी जोड़े|



