News By – नीरज बरमेचा
रतलाम 02 जनवरी 2022/ शहर में रविवार सुबह हेरिटेज वॉक का आगाज हुआ। कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम, पुलिस अधीक्षक गौरव तिवारी, प्रदीप उपाध्याय ने हेरिटेज वॉक को हरी झंडी दिखाई। यह अपनी तरह का अनूठा इवेंट्स था इसमें शामिल लोगों में अधिकांश युवाजन थे। युवाओं ने हेरिटेज वॉक के माध्यम से अपने शहर की धरोहरों और इतिहास के बारे में जाना। उनकी विशिष्ट खासियतो से रूबरू हुए। शहर विधायक चैतन्य काश्यप द्वारा रतलाम शहर के इतिहास परंपराओं, इमारतों, उत्सव, कला-संस्कृति के संरक्षण तथा उनको संजोने के लिए रतलाम हेरिटेज संस्था को मार्गदर्शन दिया है। हेरिटेज वॉक के लिए प्रेरणा दी है। इस दौरान एसडीएम अभिषेक गहलोत, डिप्टी कलेक्टरद्वय कृतिका भीमावद, मनीषा वास्कले, परियोजना अधिकारी शहरी विकास अरुण पाठक, सीएसपी हेमंत चौहान, स्टेशन रोड थाना प्रभारी किशोर पाटनवाला, तहसीलदार गोपाल सोनी आदि उपस्थित थे।
न्यूज़ इंडिया 365 के व्हाट्सएप ग्रुप में जुड़ने और महत्वपूर्ण समाचारों के साथ अपने को अपडेट रखने के लिए, ऊपर दी गई लिंक पर क्लिक करे।
आप स्वयं जुड़े और अपने मित्रों साथियों को भी जोड़े|

हेरिटेज वॉक का आरंभ गुलाब चक्कर से हुआ। रतलाम हेरिटेज संस्था और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में शुरू की गई हेरिटेज वाक का उद्देश्य शहर के लोगों को उनकी प्राचीन धरोहरों, इतिहास, स्थापत्य कला, संस्कृति तथा अन्य अनछुए तथ्यों से अवगत कराना है। रतलाम हेरिटेज संस्था की विनीता तांतेड तथा प्रतीक दलाल ने समूह के साथ चलते हुए सर्वप्रथम गुलाब चक्कर के निर्माण, उसके निर्माताओं तथा समय काल के साथ वास्तु कला से अवगत कराया। इसके बाद समूह झाली तालाब पहुंचा। तालाब निर्माण के इतिहास की जानकारी एकत्रित लोगों को दी गई। अंत में रतलाम पैलेस (महलवाडा) पहुंचकर पैलेस के निर्माण, वास्तुकला, अंदरूनी तथा बाह्य विशिष्टताओ से अवगत कराया गया। पैलेस के निर्माणकर्ता महाराजा, रतलाम रियासत के इतिहास की जानकारी दी गई। इस दौरान अनिल झालानी, धर्मेंद्रसिंह राठौड़, गिरीश सारस्वत, हेमेंद्र उपाध्याय, राकेश पोरवाल, राजेश सोलंकी द्वारा भी विभिन्न स्थलों की जानकारी दी गई।
कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम ने हेरिटेज वॉक के अवसर पर अपने उद्बोधन में कहा कि शहर रतलामी नागरिकों का है और धरोहर भी उनकी है। अपनी धरोहर को सुरक्षित रखना, उनके बारे में जानना और उनका संरक्षण करना जरूरी है। इस मुहिम से सभी प्रबुद्धजनों को अवश्य जुड़ना चाहिए। कलेक्टर ने बताया कि गुलाब चक्कर बैंडस्टैंड के रूप में विकसित किया जा रहा है। इस पर 27 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। बैंड स्टैंड पर रविवार वीकेंड में या अन्य दिनों में सिंगर गा सकते हैं तो कलाकार वादन कर सकते हैं। अन्य कलाओं का प्रदर्शन भी किया जा सकेगा। कलेक्टर ने बताया कि जिले के बिलपांक मंदिर सहित अन्य मंदिरों को जोड़कर पूरा हेरिटेज मैप तैयार करेंगे। कलेक्टर ने कहा कि युवाओं की ऐसी टीम होना चाहिए जो शहर की धरोहरों की चिंता रखती हो।
पुलिस अधीक्षक गौरव तिवारी ने कहा कि हेरिटेज वॉक धरोहरों को बचाने की मुहिम है जिसमें शामिल युवा इस बात का प्रतीक है कि वे धरोहरों को बचाने के लिए अग्रसर हुए हैं। उन्होंने कहा कि रियासतकालीन पुरानी इमारतें अपनी मजबूती और अद्भुत तकनीक को दर्शाती हैं जिनके निर्माण से आज भी प्रेरणा ली जा सकती है। कार्यक्रम का संचालन आशीष दशोत्तर ने किया।
न्यूज़ इंडिया 365 के व्हाट्सएप ग्रुप में जुड़ने और महत्वपूर्ण समाचारों के साथ अपने को अपडेट रखने के लिए, ऊपर दी गई लिंक पर क्लिक करे।
आप स्वयं जुड़े और अपने मित्रों साथियों को भी जोड़े|




