News By – नीरज बरमेचा (93028 24420)
मुख्यमंत्री ने जावरा की हितग्राही फरजाना से बातचीत भी की
रतलाम 23 फरवरी 2022/ प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत बुधवार को मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान द्वारा प्रदेश के हितग्राहियों के बैंक खातों में सिंगल क्लिक द्वारा राशि अंतरित की गई। भोपाल से आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम द्वारा मुख्यमंत्री चौहान ने वर्चुअल रतलाम जिले के जावरा की हितग्राही फरजाना से बातचीत भी की। इस अवसर पर जावरा में विधायक डॉ.राजेंद्र पांडेय, कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम, एसडीएम हिमांशु प्रजापति, जिला योजना समिति सदस्य राजेन्द्र सिंह लुनेरा सांसद प्रतिनिधि प्रदीप चौधरी, डूडा के परियोजना अधिकारी अरुण पाठक, नागरिक, हितग्राही आदि उपस्थित थे। इसके अलावा मुख्यमंत्री द्वारा जिले के 487 हितग्राहियों के आवासों का भूमिपूजन तथा 1014 हितग्राहियों का गृह प्रवेश वर्चुअल रूप से कराया।

मुख्यमंत्री चौहान ने प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी की हितग्राही फरजाना से बातचीत करते हुए पूछा कि आप क्या काम करती हैं तो फरजाना ने बताया कि वह हॉस्पिटल में गार्ड का कार्य करती है। इस पर मुख्यमंत्री ने फरजाना के सम्मान में करतल ध्वनि कराई। मुख्यमंत्री ने यह भी पूछा कि आपका मकान अच्छे से बन गया, कोई दिक्कत तो नहीं आई, किसी ने कुछ पैसा तो नहीं मांगा, पट्टा मिल गया क्या? फरजाना ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए बताया कि उसका मकान अच्छे से बन गया है वह पहले झोपड़पट्टी में रहती थी अब अच्छा मकान मिल गया, उससे किसी ने कोई पैसा नहीं मांगा पट्टा भी मिल गया।

मुख्यमंत्री ने राज्य शासन की अन्य योजनाओं के लाभ मिलने के संबंध में फरजाना से जानकारी प्राप्त की। फरजाना ने बताया कि आपके आशीर्वाद से उसे मकान के साथ-साथ श्रमिक योजना का लाभ भी मिला है, बीपीएल कूपन भी बन गया है। मुख्यमंत्री ने बच्चों के बारे में पूछा फरजाना ने बताया कि उसके दोनों बच्चे रेहान और अयान स्कूल में अध्ययनरत हैं। मुख्यमंत्री द्वारा शुभकामनाएं भी दी गई । फरजाना के नवीन आवास पर ही आयोजित कार्यक्रम के अवसर पर विधायक राजेंद्र पांडे ने फरजाना के आवास पर फीता काटकर शुभारंभ करते हुए ग्रह प्रवेश कराया। विधायक डॉ. पांडे ने फरजाना तथा अन्य हितग्राहियों को शुभकामनाएं दी। उल्लेखनीय है कि फरजाना को प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत आवास निर्माण के लिए ढाई लाख रुपए की राशि शासन द्वारा उपलब्ध कराई गई। बुधवार को रतलाम जिले के सभी नगरीय निकायों में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के कार्यक्रम आयोजित हुए जहां मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के उद्बोधन को देखा व सुना गया।
https://chat.whatsapp.com/InCQsVSK5xKDw44dN0WlV7
न्यूज़ इंडिया 365 – खबरों का रतलामी फीवर के व्हाट्सएप ग्रुप में जुड़ने और महत्वपूर्ण समाचारो के साथ अपने को अपडेट रखने के लिए, ऊपर दी गयी लिंक पर क्लिक करे|
आप स्वयं जुड़े और अपने मित्रो साथियों को भी जोड़े|





