News by – विवेक चौधरी
रतलाम (शुक्रवार) काँग्रेस के दिग्गज नेता और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ रतलाम पधारे और आते ही पत्रकारों के सामने कह दी बड़ी बात कि काँग्रेस अपने भरोसे चुनाव लड़ेगी, नाकि चुनाव मैनेजमेंट गुरु प्रशांत किशोर के भरोसे। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशांत देश के अन्य राज्यों पर भी काम करेंगे लेकिन मध्यप्रदेश में भाजपा का मुकाबला करने के लिए पार्टी को गांव गांव और हर बूथ तक पहुँचना होगा। उल्लेखनीय है पार्टी के भीतरी असंतोष को कमलनाथ संभाल नहीं पाए थे और ज्योतिरादित्य सिंधिया के अपने समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल होने से अपनी पार्टी की प्रदेश में सत्ता गंवा बैठे थे। प्रदेश अध्यक्ष के दायित्व को संभाले हुए कमलनाथ के इस बयान का गहरा अर्थ लगाया जा रहा है कि आनेवाले समय में प्रदेश काँग्रेस पर दिग्विजय सिंह की तुलना में कमलनाथ का वर्चस्व बरकरार रहेगा। कमलनाथ का रतलाम प्रवास 2023 में होने वाले विधानसभा के चुनाव की तैयारियों के साथ जोड़कर देखा जा रहा है।
शुक्रवार सुबह लगभग10 बजे कमलनाथ रतलाम के बंजली हवाईपट्टी पर आए और सैलाना रोड स्थित दयाल वाटिका पर पत्रकारों से रूबरू हुए। उन्होंने रतलाम से जुड़ी अपनी यादों को साझा करते हुए कहा कि पहले तो मध्यप्रदेश का नाम लेते ही सबसे पहले रतलाम स्टेशन का ध्यान आता था। रतलाम स्टेशन से कई यादें जुड़ी हुई है। मुझे रतलाम स्टेशन पर कई बार रुकने का मौका मिला है। आज मुझे रतलाम आने पर बहुत खुशी हुई है। पहले तो रतलाम स्टेशन इंदौर से भी अच्छा माना जाता था। दुःख है कि रतलाम का अपेक्षाकृत वैसा विकास नहीं हुआ जैसा होना चाहिए था। आज सेव, सोना और साड़ी को लेकर रतलाम की अपनी एक अलग पहचान बनी है। इन सब प्रारंभिक बातों के पश्चात कमलनाथ ने प्रदेश की भाजपा सरकार को घेरने की कोशिश की और कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह तो बस घोषणाएँ करते रहते है। उनपर अमल नहीं होता है। प्रदेश की पहचान माफिया, मिलावट और भ्रष्टाचार से होने लगी है। एक प्रश्न पर उन्होंने कहा कि हमनें भी बुलडोजर चलवाये थे लेकिन पहले नोटिस दिया जाता था और अतिक्रमण हटाने का समय दिया जाता था। अभी बुलडोजर चलाने का उद्देश्य कुछ और ही है। आनेवाले समय मे सब सामने आ जायेगा।
एक सवाल के जवाब में कमलनाथ ने प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री एवं काँग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह से दूरी की बात को नकारा और कहा कि पार्टी में हम सब एक साथ ही है। स्थानीय स्तर पर पार्टी नेताओं के असंतोष एवं त्यागपत्रों पर उन्होंने कहा कि मुझे इसकी जानकारी नहीं है लेकिन वे ऐसे नेताओं से मिलेंगे और बात करके देखेंगे कि अगर कोई समस्या है तो उसका समाधान किया जा सकें। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी पार्टी का घर-घर चलो अभियान बहुत अच्छा रहा। इस अभियान को कांग्रेस ने 30 जून तक बढ़ा दिया गया है। उन्होंने देश और प्रदेश में नौजवानों के बेरोजगारी का मुद्दा उठाया। कमलनाथ ने कहा कि भाजपा को मुद्दे और माहौल बदलने में महारत है लेकिन आज का मतदाता बहुत होशियार हो गया है। वह अपनी समझबूझ से ही वोट करता है। पत्रकार वार्ता के समय कमलनाथ के साथ पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद कांतिलाल भूरिया, विक्रांत भूरिया, जिला अध्यक्ष एवं सैलाना विधायक हर्षविजय गहलोत गुड्डू एवं शहर अध्यक्ष महेंद्र कटारिया सहित काँग्रेस नेता सुजीत उपाध्याय तथा जॉनी भाई उपस्थित थे।



