News By – नीरज बरमेचा
- रतलाम को नगर से महानगर बनाएंगे
- विधायक काश्यप ने मुख्य बिन्दूओं पर डाला प्रकाश
रतलाम 6 जुलाई 2022। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा बुधवार को रतलाम पहुंचे। यहां पर उनके द्वारा महापौर प्रत्याशी प्रहलाद पटेल के संकल्प पत्र का विमोचन किया गया। इस अवसर पर शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ रही है। भाजपा ने यह सिद्ध किया है कि विकासवाद इस देश में परिवारवाद पर हावी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यंमत्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा सरकार के कार्यकाल इसके परिचायक है।
विधायक चेतन्य काश्यप ने महापौर प्रत्याशी पटेल के संकल्प पत्र का वाचन किया। काश्यप ने कहा भाजपा की नगर सरकार बनने पर रतलाम निश्चित रूप से नगर से महानगर बनने की ओर अग्रसर होगा। काश्यप ने संकल्प पत्र के सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत रूप से प्रकाश डालते हुए बताया कि रतलाम को स्वच्छ बनाने के लिए डायल 100 की तर्ज पर एक घंटे में किसी भी शिकायत पर कार्यवाही कर नाले व गंदगी की सफाई सुनिश्चित की जाएगी। महापौर हेल्पलाइन एप से तय समय में शिकायतों का निराकरण होगा। इसके अतिरिक्त सुलभ शौचालय, हर घर नल-प्रतिदिन जल, चाट-चौपाटी, सभी सड़कों का पुनर्निर्माण, सिटी रिंग रोड, झुग्गी मुक्त रतलाम, आवासहीन परिवारों को आवास, अवैध और अविकसित कॉलोनियों में बुनियादी सुविधाएं देने के साथ महाराणा प्रताप चौराहा पर नगर का पहला फ्लाई ओवर बनाया जाएगा।
काश्यप ने बताया कि माणक चौक में मल्टीलेवल पार्किंग, ऑडिटोरियम, आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, पर्यावरण, पुस्तकालय, सिटी ट्रांसपोर्ट, स्ट्रीट वेंडर और फुटकर सब्जी व फु्रट विक्रेता हेतु मार्केट, प्रकाश व्यवस्था, सौंदर्यीकरण, ऐतिहासिक धरोहर संरक्षण, आवारा पशु व्यवस्थापन, प्रशासनिक सुविधा, फायर ब्रिगेड, निगम की नौकरियों में अग्निवीरों को प्राथमिकता और वाटर हार्वेस्टिंग सहित आमजन से मिले अन्य सुझावों पर काम किया जाएगा। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्रसिंह लुनेरा, सांसद गुमानसिंह डामोर, पूर्व जिलाध्यक्ष कन्हैयालाल मौर्य, पूर्व महापौर शैलेन्द्र डागा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य आशा मौर्य, जिला महामंत्री प्रदीप उपाध्याय आदि उपस्थित रहे।
—————
- यदि कोर्ट फैसला दे देती तो रतलाम कांग्रेस प्रत्याशी उसी दिन सजायाफ्ता हो जाते – भाजपा प्रदेशाध्यक्ष शर्मा
- उदयपुर और अमरावती जैसी घटना मध्यप्रदेश में होती तो हम इस प्रवृत्ति के लोगों को जमीदोंज कर देते
रतलाम 6 जुलाई 2022। रतलाम नगर निगम के चुनाव में कांग्रेस के जो प्रत्याशी है, अगर कोर्ट उसी दिन फैसला दे देती तो सजायाफ्ता हो जाते। मैं आप सबके माध्यम से कहना चाहता हूं कि ऐसे व्यक्ति को वोट करने का अपराध लोगों से न कराएं। जनता को जानकारी में आना चाहिए कि प्रत्याशी के ऊपर ऐसे कितने प्रकरण है, जिनमें उनको सजा होने की संभावना है। कांग्रेस द्वारा ऐसे प्रत्याशियों को चुनाव लड़वाना दुर्भाग्यपूर्ण है। ये बात बुधवार को रतलाम पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने पत्रकारों से चर्चा में कही।
प्रदेशाध्यक्ष शर्मा का कहना था कि भारतीय जनता पार्टी विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ रही है। आज हमने यह सिद्ध कर दिया है कि विकासवाद इस देश में परिवारवाद पर हावी है। उन्होने कहा कि अमरावती और उदयपुर जैसी घटनाएं इस देश में तब तक होती रहेगी, जब-तक उनको पोषित करने वाले, संरक्षण देने वाले राजनैतिक लोग खडे़ है। उदयपुर की घटना के बाद राहुल गांधी ने क्या कहा, ये बचपना है। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि तालिबानी प्रवृत्ति पर हम अंकुश लगाएंगे। राजस्थान और महाराष्ट्र में ही इस तरह की घटना क्यो हुई, महाराष्ट् में सरकार बदल गई तो घटना एक्सपोज हो गई। कांग्रेस ऐसी सोच और ऐसे ही लोगों को संरक्षण देती है। यदि इस तरह की घटना मध्यप्रदेश में होती तो हम ऐसे लोगों को जमींदोज कर देते। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्रसिंह लुनेरा, सांसद गुमानसिंह डामोर, विधायक चेतन्य काश्यप, पूर्व जिलाध्यक्ष कन्हैयालाल मौर्य, पूर्व महापौर शैलेन्द्र डागा, जिला महामंत्री प्रदीप उपाध्याय व प्रदेश कार्यसमिति सदस्य आशा मौर्य उपस्थित रही।
https://chat.whatsapp.com/I3cXSVVXvVF8Xo4OHT2A9t
न्यूज़ इंडिया 365 – खबरों का रतलामी फीवर के व्हाट्सएप ग्रुप में जुड़ने और महत्वपूर्ण समाचारो के साथ अपने को अपडेट रखने के लिए, ऊपर दी गयी लिंक पर क्लिक करे|
आप स्वयं जुड़े और अपने मित्रो साथियों को भी जोड़े|





