News By – नीरज बरमेचा
रतलाम 6 जुलाई 2022। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने बुधवार को रतलाम में त्रिदेव कार्यकर्ता बैठक में नगर निगम चुनाव हेतु कार्यकर्ताओं को हर बूथ पर जीत का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि रतलाम नगर निगम का एक वार्ड तो भाजपा निर्विरोध जीत चुकी है। शेष सभी वार्ड और महापौर का चुनाव भी भारी बहुमत से जीतेगी। भाजपा की असली ताकत उसके कार्यकर्ता है। पार्टी टिकट किसे भी दे, लेकिन असल में चुनाव कार्यकर्ता ही लड़ता है और जीतता है। निगम चुनाव को माईक्रो मैनेजमेंट से लड़े और हर बूथ पर जीत दर्ज करेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि निगम चुनाव को लेकर कार्यकर्ता भ्रम में न रहे। चुनाव की हर गतिविधि को गंभीरता से लें और 51 प्रतिशत मत प्राप्त करने का लक्ष्य प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में बूथ स्तर तक हुए संगठनात्मक कार्य की पूरे देश में प्रशंसा हुई है। भाजपा ने इस चुनाव में बूथ जीता-चुनाव जीता का नारा इसीलिए दिया है, कि बूथ के माध्यम से ही हम सभी वार्डों में पार्षद के साथ महापौर पद का चुनाव जीतेंगे। शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में संचालित सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डाला।
कांग्रेस को परिवार, भाजपा को कार्यकर्ता से चलाते है –
प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि कांग्रेस तुष्टीकरण की राजनीति करती आई है। उसे आज भी एक परिवार चला रहा है, जबकि भाजपा को उसका कार्यकर्ता चलाता है। यही वजह है कि सामान्य कार्यकर्ता भी मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री जैसे पद को सुशोभित करता है। नगर निगम चुनाव में कांग्रेस ने अपराधी पृष्ठभूमि के व्यक्ति को उम्मीदवार बनाया है, जिसे यदि कोर्ट तारीख नहीं बढ़ाती तो नामांकन भरने के बाद जेल हो जाती। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को चुनाव लड़ाने वाली पार्टी को जनता ही करारा जवाब देगी। भाजपा कार्यकर्ता मतदाताओं को 2003 तक बीमारू राज्य रहे मध्यप्रदेश की स्थिति बताए और इसके बाद भाजपा सरकार द्वारा किए गए विकास की जानकारी दें। कांग्रेस ने डेढ़ साल के पिछले शासनकाल मंे कई जनकल्याणकारी योजनाएं बंद कर दी थी। कोरोना काल में आमजन के साथ कौन रहा, यह मतदाता को बताए। हितग्राही भाजपा के एम्बेसेडर है। उनके माध्यम से कार्यकर्ता जन-जन तक भाजपा की लोक कल्याणकारी नीतियों को पहुंचाएं।

रतलाम को महानगर बनाएंगे – सांसद डामोर
त्रिदेव कार्यकर्ता बैठक में सांसद गुमानसिंह डामोर ने कहा कि नगर निगम के चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है। इससे रतलाम के विकास की दिशा तय होगी। भाजपा ने रतलाम को नगर से महानगर बनाने का जो संकल्प लिया है, उसे केन्द्र और राज्य सरकार के सहयोग से पूरा किया जाएगा।
शहर विकास के लिए नगर सरकार जरूरी – विधायक काश्यप
विधायक चेतन्य काश्यप ने कहा कि शहरवासियों ने विकास के जो भी कार्य देखे है, वे तभी होते है, जब सरकार के साथ ताल-मेल रहे। रतलाम को महानगर बनाने के लिए भाजपा की नगर सरकार जरूरी है। कांग्रेस के डेढ़ वर्ष के शासन काल में शहर के विकास कार्य अवरूद्ध हो गए थे। शहर में भाजपा के 3 महापौर पहले रहे है। इस बार भी महापौर के साथ पूर्ण बहुमत के साथ परिषद् बनाएंगे। महापौर प्रत्याशी प्रहलाद पटेल ने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की जान होते है। कांग्रेस के शासन काल में कोई सुखी नहीं रहा, इसलिए इस चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों को भारी बहुमत से विजय बनाएं। जिलाध्यक्ष राजेन्द्रसिंह लुनेरा ने चुनाव की तैयारियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विश्वास जताया कि रतलाम नगर निगम सहित जिले की सभी निकायों में भाजपा जीत दर्ज करेगी।
निर्विरोध पार्षद का स्वागत –
त्रिदेव कार्यकर्ता बैठक में प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने रतलाम के वार्ड क्रमांक-30 से भाजपा का खाता खोलने वाली पहली निर्विरोध पार्षद शबाना खान का स्वागत किया। उन्होंने कहा एक वार्ड भाजपा जीत चुकी है। पार्टी कार्यकर्ता शेष 48 वार्डों में भाजपा को जीताएं और महापौर के नेतृत्व में विकास की नई गाथा लिखे।
कांग्रेस छोड़ भाजपा की सदस्यता ली –
प्रदेश अध्यक्ष शर्मा की उपस्थिति में कांग्रेस कार्यकर्ता उज्जवल राठौर ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। शर्मा ने दुपट्टा ओढाकर युवा कार्यकर्ता का स्वागत किया।
https://chat.whatsapp.com/I3cXSVVXvVF8Xo4OHT2A9t
न्यूज़ इंडिया 365 – खबरों का रतलामी फीवर के व्हाट्सएप ग्रुप में जुड़ने और महत्वपूर्ण समाचारो के साथ अपने को अपडेट रखने के लिए, ऊपर दी गयी लिंक पर क्लिक करे|
आप स्वयं जुड़े और अपने मित्रो साथियों को भी जोड़े|





